अजय सैनी, भिवानी। ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार (तपजप) ने चिटफंड कंपनियों, मल्टी लेवल मार्केटिंग, सहकारी समितियों, निधि कंपनियों और बिल्डर परियोजनाओं में पैसा गंवाने वाले निवेशकों की रकम वापस दिलाने की मांग की है। संगठन ने मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष रमेश तंवर के नेतृत्व में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, हरियाणा के मुख्यमंत्री और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के नाम जिला उपायुक्त के माध्यम से मांगपत्र सौंपा। इसमें बड्स एक्ट-2019 को सख्ती से लागू करने और पात्र जमाकर्ताओं को समयबद्ध भुगतान की मांग की गई।

बड्स एक्ट लागू करने की मांग

रमेश तंवर ने कहा कि देश और प्रदेश में फर्जी निवेश योजनाओं के जरिए आम लोगों की जमा पूंजी ठगी गई। इससे कई परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि बड्स एक्ट-2019 का उद्देश्य दोषियों पर कार्रवाई के साथ पीड़ित जमाकर्ताओं की रकम वापस दिलाना भी है।

तंवर ने दावा किया कि ईडी, सीबीआई, सेबी, एसएफआईओ और राज्य पुलिस ने हजारों करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां जब्त की हैं। इसके बावजूद जमाकर्ताओं को उनका पैसा नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि भिवानी में बड्स एक्ट के तहत कार्यालय खुले 30 महीने से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन अब तक पीड़ित निवेशकों को एक भी रुपया नहीं मिला है।

भुगतान प्रक्रिया तेज करने की मांग

ज्ञापन में हरियाणा और भिवानी में बड्स एक्ट-2019 का प्रभावी तरीके से पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई। संगठन ने सक्षम प्राधिकारियों और भुगतान अधिकारियों को पात्र जमाकर्ताओं को तय समय में भुगतान करने के निर्देश देने की मांग रखी।

तपजप ने जांच एजेंसियों द्वारा जब्त संपत्तियों का जल्द परिसमापन करने और दोषी संचालकों से जुर्माना वसूलकर पीड़ितों के नुकसान की भरपाई करने की मांग की। संगठन ने सुप्रीम कोर्ट में लंबित कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप जरूरी शासनादेश जारी करने की मांग भी की।

हर जिले में विशेष प्रकोष्ठ बनाने की मांग

संगठन ने भुगतान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही हर जिले में ठगी पीड़ितों के दावों के जल्द निस्तारण के लिए विशेष प्रकोष्ठ बनाने का सुझाव दिया गया।

भुगतान प्रक्रिया की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय निगरानी समिति बनाने और तय समय सीमा में कार्ययोजना लागू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

तपजप पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने मामले में जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो ठगी पीड़ित जमाकर्ता अपने अधिकारों के लिए व्यापक आंदोलन करेंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामजस, सुखबीर, पवन, राजेश बडाला सहित अन्य पीड़ित निवेशक मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m