अजय सैनी, भिवानी। नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में चारों तरफ गंदगी का अंबार लग गया है। मुख्य मार्गों, बाजारों और कॉलोनियों में कूड़ा फैला होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों के लिए भी सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। जगह-जगह पड़े कूड़े ने स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं तथा स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान को भी प्रभावित किया है।
शहर में फैली गंदगी के कारण बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह एक स्कूल वाहन कूड़े के ढेर में धंस गया। करीब आधे घंटे तक वाहन वहीं फंसा रहा। वाहन में लगभग 50 बच्चे सवार थे। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया और करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना रहा।
राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता एवं हिट एंड रन सड़क सुरक्षा अभियान के सूत्रधार अशोक कुमार ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के साथ तुरंत बातचीत कर समाधान निकालना चाहिए, ताकि शहरवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य और स्वच्छता पर करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन हड़ताल के चलते पूरे शहर में गंदगी फैली हुई है। इससे बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर पड़े कूड़े के कारण वाहनों का संतुलन बिगड़ रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। कई स्थानों पर जाम की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने और सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

