Bihar Crime: बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बीते दिन अवैध कारतूस तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक सफारी कार से 20 हजार से ज्यादा जिंदा कारतूस बरामद किए थे। इसके साथ ही टीम ने गाड़ी में सवार तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक लोडेड पिस्टल भी बरामद हुई थी। वहीं, अब राजद और तेजस्वी ने यह दावा किया है कि मामले में गिरफ्तार हुए तस्करों को संबंध आरएसएस से है।

𝐑𝐒𝐒 को आतंकवादी संगठन घोषित कर देना चाहिए?

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, बिहार में 𝐑𝐒𝐒 से जुड़े चंदन तिवारी, अभिषेक तिवारी, लालटू कुमार और सरस कुमार से 𝟒𝟒,𝟎𝟎𝟎 जिंदा कारतूस पकड़े गए है। ये लोग गोला-बारूद के अंतरराज्यीय तस्करी के एक खतरनाक नेटवर्क से जुड़े है। क्या 𝐑𝐒𝐒 के ये आतंकवादी देशभर में धमाके करने की साज़िश रच रहे थे? 𝐑𝐒𝐒 से जुड़े तस्करी नेटवर्क के तीन लोगों से ही 𝟒𝟒,𝟎𝟎𝟎 ज़िंदा कारतूस पकड़े जाने के बाद भी क्या 𝐑𝐒𝐒 को आतंकवादी संगठन घोषित नहीं कर देना चाहिए?

राजद ने सीएम सम्राट पर साधा निशाना

वहीं, राजद ने अपनी एक्स पोस्ट में लिखा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को यह बताना चाहिए कि अपने खास मुजफ्फरपुर के विधायक रंजन कुमार के खासमखास के माध्यम से 40 हज़ार कारतूस किसके लिए मंगवाया गया है? राजद ने सवाल पूछा कि बिहार पुलिस में कारतूस की कमी आ गई है या सत्ता पक्ष की कोई खास गैंग है, जिसके माध्यम गमछे वालों को चिह्नित कर के रास्ते से हटाना है? गजब हाल है बिहार का!

राजद ने कहा कि, 40000 कारतूस मतलब 40000 लोगों को मौत के घाट उतारा जा सकता है! और यह सत्तापक्ष के लोगों के द्वारा बिहार में लाया जा रहा है और लाया भी “रामराज्य” उत्तर प्रदेश से गया है, जहां बताया जा रहा है कि अजय सिंह बिष्ट की सरकार के कारण अपराध और तस्करी पर लगाम लग चुका है।

पश्चिमी यूपी से जुड़े मिले तस्करी के तार

पुलिस की शुरुआती जांच में इस तस्करी के तार पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जुड़े मिले हैं। गिरफ्तार लोगों में दो मुजफ्फरपुर और एक सिवान का रहने वाला है। बरामद कारतूस 7.65 एमएम के हैं। जांच में पता चला है कि इनकी खेप उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही थी। तस्करों की योजना इसे मुजफ्फरपुर और उत्तर बिहार के दूसरे इलाकों में पहुंचाने की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

खबरों के मुताबिक बरामद जिंदा कारतूसों की संख्या लगभग 20 हजार बताई जा रही है। हालांकि राजद ने अपनी पोस्ट में 40000 और तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में 44,000 जिंदा कारतूस बरामद होने का दावा किया है।

ये भी पढ़ें- छठ बाद बिहार आएंगे PM मोदी, वैशाली में होगी जनसभा, औद्योगिक विकास को लेकर कर सकते हैं बड़े ऐलान