भोजपुर। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बलौटी गांव में कानून और पुलिस को चुनौती देने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भरत तिवारी नामक युवक ने पहले पुलिस के सामने बैठकर फेसबुक लाइव किया और बाद में पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अंततः पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​फेसबुक लाइव और पुलिस से सीधा टकराव

मामले की शुरुआत तब हुई जब सोशल मीडिया पर भरत तिवारी की हथियार के साथ एक तस्वीर वायरल हुई। शिकायत मिलने पर शाहपुर थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ आरोपी के घर पहुंचे। मंगलवार को हुई इस घटना का 7 मिनट का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक अपने ही घर में चौकी पर पिस्टल लिए बैठा था और सामने थानाध्यक्ष उसे समझा रहे थे। वीडियो में युवक पुलिस को धमकाते हुए कहता है, पिस्टल अंदर करो, बदमाशों के सामने तो तुम भाग जाते हो। उसने पुलिस पर पैसे लेकर मामले मैनेज करने का गंभीर आरोप भी लगाया।

​छत से पुलिस पर फायरिंग और घंटों का ड्रामा

बुधवार की सुबह भरत तिवारी फिर से फेसबुक पर लाइव आया और छत से हथियार लहराते हुए सिस्टम में बदलाव की मांग करने लगा। पुलिस ने उसके घर को घेर लिया, तो उसने छत से फायरिंग शुरू कर दी। घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आरोपी घर से निकलकर खेतों की ओर भागा। पुलिस उसे लगातार आत्मसमर्पण के लिए मनाती रही।

​मुठभेड़ में लगा पैर में गोली

खेतों में घिरे होने के बाद आरोपी ने एक और हवाई फायरिंग की। जब पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, तो वह हथियार फेंकने का नाटक करने लगा। जैसे ही पुलिसकर्मी उसे पकड़ने आगे बढ़े, उसने फिर से पिस्टल उठा ली। आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे भरत के पैर में दो गोलियां लगीं और वह घायल होकर गिर पड़ा। फिलहाल वह आरा सदर अस्पताल में उपचाराधीन है।

​एसडीएम को दी थी जान से मारने की धमकी

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर बेहद आक्रामक पोस्ट कर रहा था। उसने एक पोस्ट में जगदीशपुर के एसडीएम के एनकाउंटर तक की धमकी दे दी थी। हालांकि, पुलिस ने मंगलवार को शुरुआती तौर पर युवक के मानसिक रूप से अस्थिर होने की बात कही थी। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और उसके अवैध हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।