मुजफ्फरपुर। बिहार में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार आक्रामक मोड में है। पिछले 24 घंटों के भीतर राज्य में तीन अलग-अलग एनकाउंटर हुए हैं, जिसमें पुलिस ने अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और गया में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कई अपराधी घायल हुए हैं, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुजफ्फरपुर में मर्डर आरोपी से मुठभेड़
मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और कुख्यात अमित कुमार के बीच मुठभेड़ हो गई। अमित हाल ही में हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर अंकित रंजन हत्याकांड का नामजद आरोपी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। भटौलिया पुल के पास घेराबंदी देख अमित ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर SKMCH में भर्ती कराया गया है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर उससे पूछताछ की है।
24 घंटे में तीन एनकाउंटर की हैट्रिक
यह घटना राज्य में पुलिस द्वारा की गई तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले मंगलवार सुबह गोपालगंज के श्रीपुर में पुलिस और यूपी के एक कुख्यात शराब तस्कर के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें तस्कर के जबड़े में गोली लगी। वहीं, गया में ज्वेलरी शॉप से 48 लाख की लूट को अंजाम देने वाले दो अपराधियों के पैर में पुलिस ने गोली मारकर उन्हें धर दबोचा।
प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस की परतें खुलेंगी
गौरतलब है कि 20 मई को प्रॉपर्टी डीलर अंकित रंजन की दिनदहाड़े बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी में कैद हुई इस वारदात में अमित की संलिप्तता सामने आई थी। जमीन विवाद के चलते हुई इस हत्या में अंकित को 5 गोलियां मारी गई थीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल अमित से पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े अन्य शूटरों और साजिशकर्ताओं के अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गैंग का पर्दाफाश कर दिया जाएगा और फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

