शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित डबल मर्डर केस की जांच में एक और गंभीर लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार मृतक दंपति हेमंत फिलोमेन और उनकी पत्नी के घर से घटना के बाद एक कट्टा और दो जिंदा गोलियां मिली थीं, लेकिन ऐशबाग पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई के दौरान उन्हें जब्त नहीं किया। बाद में पुलिस ने कट्टा और गोलियों को कब्जे में लिया, जिससे जब्ती की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि दंपति को पहले से जान का खतरा था। इसलिए उन्होंने सुरक्षा के लिए घर में कट्टा रखा था। अब इस चूक को लेकर जांच की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं घटना के कई दिन बाद भी पुलिस अब तक दोहरे हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी है। इस मामले में लगातार सामने आ रही लापरवाहियों ने पुलिस की जांच पर संदेह और गहरा कर दिया है।

ये भी पढ़ें: राजधानी में डबल मर्डर केस: पुलिस की 5 टीम गठित, बुजुर्ग दंपति का एक ही कमरे में मिला था शव

ऐसे में भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का कहना है कि अभी तक इस मामले में हमारे पास ऐसा कोई खास सुराग नहीं मिला है, जिससे आरोपियों तक पहुंचा जा सके। भोपाल की अलग-अलग विशेष टीम इस मामले को लेकर जांच और सर्चिंग कर रही हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह कहना भी गलत नहीं होगा कि इस वारदात को बहुत ही प्रोफेशनल तरीके से अंजाम दिया गया है। 10 मिनट का रास्ता 35 मिनट में आरोपियों ने तय किया है और जो कट्टा मिला है, उस कट्टे से वारदात को अंजाम नहीं दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m