शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में करीब एक महीने पहले हुए ब्लाइंड मर्डर मामले में पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक द्वारा अप्राकृतिक संबंध बनाने के अनैतिक दबाव का विरोध करने पर आरोपी ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने तकनीक और मृतक के गायब मोबाइल की लोकेशन के आधार पर आरोपी को धरदबोचा है।
ये भी पढ़ें: पेट्रोल के दाम पर विवाद के बाद युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, 37% झुलसा, बचाने आया एटीएम गार्ड भी घायल
हाईवे के पास मिला था 5 दिन पुराना शव
कटारा हिल्स पुलिस के मुताबिक बीती 29 मई 2026 को इकोलॉजिकल पार्क, झागरिया हाईवे के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का करीब 5 दिन पुराना शव बरामद हुआ था। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में मृतक की शिनाख्त मंडीदीप निवासी राजेश राय के रूप में हुई। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को राजेश का मोबाइल फोन वहां नहीं मिला। पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए फौरन विशेष टीम का गठन किया।
IMEI और कॉल डिटेल ने हत्यारे तक पहुंचाया
मामले में कोई भी चश्मदीद गवाह या प्रत्यक्ष सबूत नहीं होने के कारण यह मर्डर मिस्ट्री पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुकी थी। जांच टीम ने मृतक के गायब मोबाइल फोन के IMEI नंबर और सीडीआर को खंगालना शुरू किया।
कड़ी निगरानी के बाद गायब मोबाइल की सक्रिय लोकेशन अजय सिंह मेवाड़ा नाम के युवक के पास मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर अजय सिंह को हिरासत में लिया और जब उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
सिर पत्थर पर पटककर की थी हत्या
मामले का अधिकारिक खुलासा करते हुए भोपाल के एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी अजय सिंह मेवाड़ा ने अनैतिक इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना के दिन उसने राजेश राय को अपने साथ शराब पिलाई और फिर एक बहाने से उसे हाईवे के पास सुनसान जगह पर ले गया।
ये भी पढ़ें: आगर मालवा: सोयतकला में दर्दनाक हादसा, ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे विद्युत कर्मी की करंट लगने से मौत
आरोपी ने राजेश पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का अनैतिक दबाव डाला। जब राजेश ने इसका पुरजोर विरोध किया और वहां से जाने लगा तो दोनों के बीच झूमाझटकी हुई। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी अजय ने राजेश का सिर एक भारी पत्थर पर दे मारा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी साक्ष्य छुपाने के इरादे से मृतक का मोबाइल लेकर भाग गया था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

