कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। पेट्रोल के दाम को लेकर हुआ मामूली विवाद एक युवक को जिंदा जलाने की कोशिश तक पहुंच गया। थाटीपुर चौराहे पर पेट्रोल बेच रहे युवक पर तीन युवकों ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में युवक करीब 37 फीसदी तक झुलस गया है, जबकि उसे बचाने पहुंचा एक एटीएम गार्ड भी घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: खलघाट-मनावर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, हादसे में 3 की दर्दनाक मौत, 1 महिला गंभीर रूप से घायल
पेट्रोल का दाम नहीं देने पर हुआ था विवाद
दिल दहला देने वाली यह घटना ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित थाटीपुर चौराहे की है। बताया जा रहा है कि हजीरा स्थित पीएचई कॉलोनी निवासी आकाश सेंगर देर रात ऑटो पार्किंग स्टैंड के पास जरूरतमंद लोगों को पम्प से पेट्रोल बेचने का काम कर रहा था। इसी दौरान बुलेट पर सवार डॉली गुर्जर और उसके दो साथी वहां पहुंचे और पेट्रोल की मांग की।
पेट्रोल उड़ेलकर लगा दी आग, चीखता हुआ सड़क पर गिरा युवक
आरोप है कि युवकों ने पेट्रोल के बदले कम कीमत देने की बात कही लेकिन आकाश ने इससे इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्साए आरोपियों ने आकाश पर पेट्रोल उड़ेल दिया और आग लगा दी। आग लगते ही आकाश चीखता हुआ सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बीच-बचाव में एटीएम गार्ड भी झुलसा, अस्पताल में भर्ती
स्थानीय लोग तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचा एक एटीएम गार्ड भी आग की चपेट में आकर घायल हो गया। गंभीर रूप से झुलसे आकाश सेंगर को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों के मुताबिक वह करीब 37 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल एटीएम गार्ड का भी इलाज किया गया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाटीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: आगर मालवा: सोयतकला में दर्दनाक हादसा, ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे विद्युत कर्मी की करंट लगने से मौत
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने डॉली गुर्जर सहित तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

