शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में 5वीं और 8वीं कक्षा के छात्रों को दोबारा मौका मिलेगा। फेल और अनुपस्थित छात्र फिर से परीक्षा दिला सकेंगे। इसके लिए माशिम ने टाइम टेबल जारी कर दिया है। एग्जाम 1 से 6 जून तक आयोजित किया जाएगा। 25 मई तक प्रवेश पत्र मिलेगा। छात्र अपना एडमिट कार्ड पोर्टल www.rskmp.in से डाउनलोड कर सकेंगे। वहीं इस परीक्षा से पहले अतिरिक्त पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। जनशिक्षा केंद्र सत्र पर परीक्षा केंद्र बनेंगे। इसके अलावा गर्मी से सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।

शिक्षण सत्र 2025-26 की मुख्य परीक्षा में फेल और अनुपस्थित कक्षा 5वीं-8वीं के छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा होगी। यह परीक्षा 1 से 6 जून 2026 के बीच होगी। जिसमें प्रदेश के सभी सरकारी, मान्यता प्राप्त प्राइवेट और अनुदान प्राप्त स्कूलों और पंजीकृत मदरसों में अध्ययनरत विद्यार्थी शामिल होंगे। इस संबंध में राज्य शिक्षा केंद्र ने दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें: 12वीं बोर्ड टॉपर्स से मिले CM डॉ. मोहन, भोपाल की होनहार बेटियों को दी बधाई, 1 लाख की प्रोत्साहन राशि की भेंट

यहां डाउनलोड कर सकेंगे प्रवेश पत्र

कक्षा 5वीं और 8वीं की दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र अपना प्रवेश पत्र राज्य शिक्षा केन्द्र के पोर्टल www.rskmp.in पर डाउनलोड कर सकेंगे। पुन: परीक्षा के लिए शाला प्रमुख/जनशिक्षा केंद्र प्रभारी/बी.आर.सी.सी., डी.पी.सी. के लॉगिन अंतर्गत परीक्षा पोर्टल से परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा रहेगी। सभी बीआरसीसी को निर्देशित किया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके ब्लॉक के सभी विद्यार्थियों को संबंधित शाला के प्रधान पाठक के माध्यम से 25 मई तक प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से प्राप्त हो जाएं।

परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा आयोजन से पहले शाला स्तर पर विषयवार अतिरिक्त शिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। पूर्व में प्रोजेक्ट कार्य पूर्ण नहीं करने और प्रोजेक्ट कार्य में 7 से कम अंक होने की स्थिति में छात्रों से अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे विषयों के प्रोजेक्ट कार्य पूर्ण करवाकर शाला स्तर पर मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही प्रोजेक्ट के प्राप्तांकों की प्रविष्टि परीक्षा पोर्टल पर कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें: एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं Exam: द्वितीय परीक्षा के लिये आवेदन की प्रक्रिया शुरू, 7 मई से होगी शुरू

जन शिक्षा केंद्र स्तर पर होंगे परीक्षा सेंटर

कक्षा 5वीं व 8वीं की पुन: परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र केवल जनशिक्षा केन्द्र स्तर पर बनाए जाएंगे। अगर किसी जिले में किसी परीक्षा केंद्र पर 500 से अधिक परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हों तो उस स्थिति में राज्य शिक्षा केंद्र से अनुमति के बाद दूसरा परीक्षा केंद्र निर्धारित किया जा सकेगा। परीक्षा केंद्र निर्धारण के बाद शाला की मैपिंग संबंधित बी.आर.सी.सी. की ओर से 15 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रश्न पत्रों का परीक्षा केंद्रों पर ही होगा स्थल मुद्रण

दोबारा परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों की ऑन स्पॉट प्रिंटिंग निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर ही की जाएगी। परीक्षा पोर्टल से प्रश्नपत्रों को डाउनलोड और प्रिंट करने के लिए जिला परियोजना समन्वयक नोडल अधिकारी होंगे। दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की परीक्षा में उपस्थिति एवं परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित शाला प्रमुख और शिक्षक को दी गई है।

गर्मी से सुरक्षा के लिए जरूरी व्यवस्था

राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से हर परीक्षा केंद्र पर पानी की व्यवस्था रहेगी। साथ ही नियमित अंतराल पर बच्चों को पानी पिलाये जाने, लू-लपट व डिहाईड्रेशन से सुरक्षित रखने के लिए परीक्षा केंद्रों में ओरल रिहाईड्रेशन साल्यूशन (ORS) की उपलब्धता, पंखों की व्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी विषय स्थिति परिलक्षित होने की स्थिति में निकटस्थ स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल ले जाने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m