शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के मालीखेड़ी सामूहिक हत्याकांड मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतक नरेंद्र साहू की बहन मधु के पुलिस को दिए गए बयानों ने इस पूरे घटनाक्रम को एक नया मोड़ दे दिया है। बहन के खुलासे के अनुसार, मृतक नरेंद्र एक महिला के संपर्क में था और उसी पर पैसे लुटाने के चक्कर में वह भारी कर्ज के जाल में फंस गया था।
READ MORE: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत: घर में मिले 4 शव, मुखिया की रेलवे ट्रैक पर मिली लाश
पुलिस पूछताछ में मृतक की बहन मधु ने बताया कि उसका भाई नरेंद्र साहू किसी अन्य महिला के संपर्क में था। वह उस महिला को लगातार पैसे देता था, जिसके कारण वह धीरे-धीरे भारी कर्ज के दलदल में धंसता चला गया। स्थिति यह हो गई थी कि नरेंद्र पर विभिन्न लोगों का इतना कर्ज हो गया था कि वह हर महीने सिर्फ 40 हजार रुपये ब्याज के रूप में चुका रहा था। बहन ने यह भी आरोप लगाया कि इस चक्कर में नरेंद्र अपने घर-परिवार की सुध नहीं ले रहा था और घर का खर्च तक नहीं चलाता था। घर की स्थिति इतनी दयनीय थी कि उसकी बुजुर्ग मां खुद मेहनत-मजदूरी करके घर का किराया चुका रही थीं।
कर्ज चुकाने बेच दिए मकान, कार और बाइक
परिजनों के मुताबिक, बढ़ते कर्ज और लेनदारों के दबाव के चलते नरेंद्र ने अपनी संपत्ति तक बेच डाली थी। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपना मकान, कार और यहाँ तक कि बाइक भी बेच दी थी। इसके बावजूद उसका कर्ज खत्म नहीं हुआ। बहन मधु ने बताया कि 2 महिलाओं सहित कुल 6 लोग लगातार कर्ज और ब्याज के लिए नरेंद्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। परिजन के अनुसार घटना से महज चार दिन पहले भी एक लेनदार उसके घर पर धमकाने के लिए आया था। फिलहाल पुलिस अब मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और डेटा की जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी जोड़ने में जुटी है।
कर्ज तले दबा था परिवार
जोन 4 के डीसीपी आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि नरेंद्र साहू कर्ज में था। उसका रेस्टोरेंट था, जो कुछ समय से बंद हो गया था कर्ज था, जिसकी वजह से परिवार 15 दिनों से परेशान था। परिजनों के मुताबिक, किसी से पैसा लिया था। गहरी नींद में नरेश साहू ने अपने परिवार के लोगों की हत्या की और फिर जाकर रेलवे ट्रैक पर सुसाइड किया। घर से महज 500 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पुलिस को लाश मिली। सुबह पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर शव मिला है, जिसकी पहचान करने के बाद पुलिस माली खेड़ी इलाके गई तो पता चला कि परिवार के अन्य लोगों की हत्या हो गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

