संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2025 वर्ग-3 में पास होने और मेरिट लिस्ट में स्थान हासिल करने के बावजूद नियुक्ति न मिलने से नाराज अभ्यर्थियों का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में चयनित अभ्यर्थियों ने भोपाल के व्यस्ततम बोर्ड ऑफिस चौराहे पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने थालियां बजाकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया और जल्द से जल्द नियुक्ति व जॉइनिंग प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

ये भी पढ़ें: MP में पटवारियों की सेवा समाप्ति और निलंबन के विरोध में भड़का आक्रोश: 7 अक्टूबर से काम बंद का ऐलान, जिलों में उग्र प्रदर्शन

तीसरे दिन भी जारी रहा आंदोलन, खुले आसमान तले गुजार रहे रातें

अभ्यर्थियों का यह आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। दिनभर कड़ी धूप के बीच प्रदर्शन करने के बाद अभ्यर्थियों को रातें भी खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ रही हैं। अत्यधिक गर्मी और भीड़ के चलते कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने और परेशानी का सामना करने की बात भी सामने आई है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा पास करने और दस्तावेजी अर्हता पूरी करने के बाद भी शासन स्तर पर उनकी नियुक्ति प्रक्रिया लंबे समय से लटका कर रखी गई है।

अधिकारियों और मंत्री के आश्वासन के बाद भी नहीं निकला नतीजा

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने बताया कि 16 सितंबर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त अभिषेक सिंह से मुलाकात की थी। उस दौरान जिम्मेदार अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और जॉइनिंग शुरू करने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

ये भी पढ़ें: MP में पुलिसकर्मियों की छुट्टी पर बैन: इस वजह से DGP ने लिया बड़ा फैसला, आदेश जारी

25 अगस्त से लंबित मांगों के निराकरण तक डटे रहने का ऐलान

अभ्यर्थी 25 अगस्त 2025 से लंबित पड़े प्रकरणों के स्थायी निराकरण, मेरिट होल्डर्स को तुरंत पदस्थापना देने और रुकी हुई दस्तावेजी व विभागीय प्रक्रिया को पूरा करने की मांग पर अड़े हैं। इसके साथ ही आवेदन क्रमांक 49 में दर्ज प्रावधानों को लागू करने की भी मांग की जा रही है। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक उनकी जॉइनिंग को लेकर कोई ठोस और लिखित फैसला नहीं होता, तब तक उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m