शब्बीर अहमद, भोपाल। भोपाल के देहात इलाके से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पति, पत्नी और उनके दामाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।

विदिशा से एक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि यह पूरा परिवार विदिशा जिले से किसी रसोई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से वापस लौट रहा था। अभी वे भोपाल के ग्रामीण क्षेत्र सुखी सेवनिया थाना अंतर्गत पहुँचे ही थे कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे में जान गंवाने वालों में पति-पत्नी और उनका दामाद शामिल हैं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव तथा परिवार में मातम पसरा हुआ है।

READ MORE: भोपाल सामूहिक हत्याकांड में बड़ा खुलासा: महिला के संपर्क में था मृतक नरेंद्र साहू, हर महीने चुका रहा था 40 हजार ब्याज  

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त कार में करीब पाँच लोग सवार थे। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक और अन्य लोग गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर तुरंत फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m