भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक और नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को मंजूरी दे दी है। यह नई त्रि-साप्ताहिक ट्रेन गुजरात के भुज से बिहार के बरौनी के बीच चलाई जाएगी, जिससे पश्चिम और पूर्व भारत के बीच की दूरियां और कम हो जाएंगी। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव बिहार के समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भी तय किया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
चार राज्यों को जोड़ेगी यह रेल सेवा
यह लंबी दूरी की अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से बरौनी तक लगभग 2532 किलोमीटर की कुल दूरी तय करेगी। इस दौरान यह ट्रेन मार्ग में पड़ने वाले चार प्रमुख राज्यों गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण शहरों और व्यापारिक केंद्रों को आपस में जोड़ेगी। इससे रोजगार, व्यवसाय और शिक्षा के सिलसिले में पश्चिमी राज्यों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को आवागमन का एक बेहतर और सुलभ विकल्प मिल सकेगा।
समय सारणी और परिचालन के दिन
- ट्रेन संख्या 19427 (भुज-बरौनी): यह ट्रेन भुज से हर हफ्ते सोमवार, बुधवार और शनिवार को शाम 17:30 बजे प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन सुबह 04:05 बजे बरौनी जंक्शन पहुंचेगी।
- ट्रेन संख्या 19428 (बरौनी-भुज): वापसी की दिशा में यह ट्रेन बरौनी से हर हफ्ते मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रात 23:55 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन दोपहर 13:15 बजे भुज पहुंचेगी।
प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे द्वारा इस ट्रेन का मार्ग में कई महत्वपूर्ण और व्यावसायिक स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित किया गया है। यह ट्रेन समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर में ठहराव मिलने से न केवल इन जिलों बल्कि आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी अहमदाबाद, रतलाम और कोटा जैसे पश्चिमी भारत के प्रमुख शहरों के लिए सीधी और अतिरिक्त रेल सेवा का पूरा लाभ मिलेगा।


