राजधानी दिल्ली के सफदरजंग इलाके में जज अमन कुमार शर्मा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने इस घटना को लेकर FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच तेज कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जज अमन कुमार शर्मा ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों और करीबियों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर थाना सफदरजंग एन्क्लेव में एफआईआर संख्या 152/26 दर्ज की गई है। यह मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में जज और उनकी पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। एफआईआर में मृतक जज की पत्नी स्वाति मलिक और उनकी चचेरी बहन निधि मलिक पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ, डिजिटल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच के साथ-साथ पारिवारिक और पेशेवर संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।
ग्रीन पार्क स्थित आवास में मिली थी लाश
जानकारी के अनुसार, जज अपने आवास पर मृत पाए गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना की सूचना सबसे पहले उनके जीजा शिवम कुमार ने PCR कॉल के जरिए पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इस बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
आत्महत्या से पहले पिता को किया था फ़ोन
रिश्तेदार राजेश शर्मा के मुताबिक, आत्महत्या से एक रात पहले अमन कुमार शर्मा ने अपने पिता को फोन किया था। रात करीब 10 बजे हुई इस बातचीत में वह काफी परेशान और मानसिक रूप से दबाव में नजर आ रहे थे। बताया गया है कि अमन ने फोन पर अपने पिता से कहा था कि उनका “जीना मुश्किल हो गया है।” बेटे की यह बात सुनकर पिता घबरा गए और उन्होंने कारण जानने की कोशिश की, लेकिन अमन ने कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई। इस कॉल डिटेल को पुलिस अब जांच का अहम हिस्सा मान रही है। इससे पहले दर्ज एफआईआर में आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। ऐसे में पुलिस इस बातचीत, कॉल रिकॉर्ड और मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में अपनी नियुक्ति के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, पुणे से कानून की पढ़ाई पूरी की थी और यहीं से विधि शिक्षा हासिल की। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न्यायिक प्रणाली में सक्रिय भूमिका निभाई और विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। पिछले एक साल से वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) में सचिव के पद पर तैनात थे और अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

