नितिन नामदेव, रायपुर। आने वाले दिनों में प्रतियोगी परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को अलग-अलग केंद्रों में भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सरकार अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पं रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी कैंपस में 25 करोड़ की लागत से परीक्षा केंद्र बनाने जा रही है, जहां तमाम अभ्यर्थी एक साथ परीक्षा दे पाएंगे.

यह भी पढ़ें : पॉवर सेंटर : पॉलिटिकल एसआईपी… मुस्कुराइए हम राजधानी में हैं… खुरदुरी सच्चाई… सियासी शतरंज… मास्टरशेफ… उगाही… – आशीष तिवारी

जानकारी के अनुसार, पं रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी में बनने वाले परीक्षा केंद्र के लिए जगह के लिए चयन के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों ने जायजा लिया है. नए परीक्षा केंद्र के संबंध में एसडीएम नंद कुमार चौबे ने लल्लूराम डॉट कॉम से चर्चा में बताया कि परीक्षा केंद्र के लिए बजट में प्रावधान किया गया था. अब केंद्र के लिए रायपुर के रविशंकर यूनिवर्सिटी के कुलपति के साथ मिलकर परिसर में जगह का चयन किया गया है.

परीक्षा केंद्र का जल्द निर्माण शुरू होने की संभावना है. परीक्षा केंद्र के बनने के साथ ही एक ही छत के नीचे सीजीपीएससी, यूपीएससी, व्यापमं के तमाम परीक्षाएं आयोजित की जा सकेगी. इससे एक तरफ जहां समय की बचत होगी, वहीं दूसरी ओर अभ्यर्थियों को भी शहर-शहर परीक्षा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. प्रदेश के किसी भी कोने से राजधानी में आकर वे बिना किसी परेशानी केपरीक्षा दे पाएंगे.

नए परीक्षा केंद्र को लेकर युवाओं में भी उत्साह है. लल्लूराम डॉट कॉम से चर्चा में यामिनी वर्मा ने बताया कि अक्सर परीक्षा देने के लिए कभी एक शहर तो कभी दूसरे शहर में जाना पड़ता है. यह समस्या केवल प्रतियोगी परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए ही नहीं बल्कि नीट और जेईई की परीक्षा देने वाले छात्रों को भी आती है. एक व्यवस्थित परीक्षा केंद्र वह भी राजधानी में रविशंकर यूनिवर्सिटी परिसर में बनने से छात्रों को बहुत सहुलियत होगी.

इसी तरह के विचार प्रद्मुन जोशी भी व्यक्त करते हैं. हालांकि, उनका मानना है कि यह व्यवस्था सालों पहले ही बन जानी थी, लेकिन देर आए, दुरुस्त आए. उम्मीद करते हैं कि जल्द ही परीक्षा केंद्र का निर्माण होगा. इससे उनके जैसे हजारों छात्रों को परीक्षा देने के लिए यहां-वहां भागने की जरूरत नहीं होगी. एक ही जगह पर परीक्षा संपन्न होगा. एक हो या फिर दस, हर बार परीक्षा केंद्र की तलाश में समय गंवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m