फिरोज अहमद, पटना/दरभंगा। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए द्विवार्षिक चुनाव के नतीजे सामने आने लगे हैं। कुल 8 में से 7 सीटों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि दरभंगा स्नातक सीट पर मतगणना का दौर अभी भी जारी है। 23 अक्टूबर को 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुए मतदान में कुल 150 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई थी।
पटना में जदयू, कोसी में बीजेपी विजयी
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के घोषित नतीजों में पटना सीट से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने शानदार जीत दर्ज की है। वहीं, कोसी स्नातक सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता एन.के. यादव ने जीत की हैट्रिक लगाकर इतिहास रचा। दूसरी ओर, तिरहुत स्नातक निर्वाचन सीट से निर्दलीय प्रत्याशी बंशीधर ने लगातार दूसरी बार परचम लहराया है। उन्होंने जदयू के अभिषेक झा को करीब 9 हजार से अधिक मतों से पराजित किया। दरभंगा स्नातक सीट का परिणाम गुरुवार सुबह तक आने की संभावना जताई गई है।
नवल किशोर की 30 साल पुरानी सत्ता खत्म
शिक्षक सीटों पर इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। चारों शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में निवर्तमान (सिटिंग) एमएलसी को हार का सामना करना पड़ा है।
- पटना शिक्षक सीट: पिछले 30 वर्षों से कब्जा जमाए बैठे भाजपा के नवल किशोर यादव को हार का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के डॉ. संजीव ने उन्हें 1057 वोटों से मात दी।
- तिरहुत शिक्षक सीट: भाजपा के नरेन्द्र सिंह ने 600 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
- सारण शिक्षक सीट: भाजपा के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने 1815 वोटों से बाजी मारी।
- दरभंगा शिक्षक सीट: ‘जन सुराज’ समर्थित प्रत्याशी सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की।
तेजस्वी यादव का आरोप
दरभंगा मतगणना केंद्र पर हुए हंगामे के बीच राजद नेता तेजस्वी यादव ने सत्तारूढ़ दल और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि करीब 10 प्रतिशत मतों को जबरन अवैध घोषित कर महागठबंधन प्रत्याशी को हराने की साजिश रची जा रही है। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी दूसरी वरीयता के मतों की गिनती में जानबूझकर देरी की जा रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने की मांग की।

