Bihar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नक्सलमुक्त भारत के संकल्प और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सीएम सम्राट चौधरी ने आज (28, अक्टूबर) को पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से बिहार के 22 नक्सलमुक्त जिलों के 1100 विशेष आमंत्रित प्रतिभागियों को लेकर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) जानेवाली विशेष आरक्षित पाटलिपुत्र एकता नगर स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये सभी प्रतिभागी 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार की यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसमें देश के प्रत्येक क्षेत्र को विकास, सुरक्षा और समृद्धि के समान अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद के विरुद्ध चल रहे प्रयासों और विकास की मुख्यधारा से जुड़ते क्षेत्रों की नई पहचान को यह पहल राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगी। बिहार के नक्सलमुक्त जिलों से इतनी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की भागीदारी राष्ट्रीय एकता, शांति और विकास के संदेश को और मजबूती प्रदान करेगी। इस विशेष यात्रा के माध्यम से बिहार के प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता के प्रतीक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के स्थल पर आयोजित समारोह में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विजन के साथ राष्ट्रीय एकता और समावेशी विकास के प्रति बिहार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि, यह आयोजन न केवल सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण के योगदान को सम्मान देगा, बल्कि प्रधानमंत्री के ‘संकल्प से सिद्धि तक’ और नक्सलमुक्त भारत के लक्ष्य के प्रति कटिबद्धता का भी संदेश देगा। मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित गुजरात जानेवाले सभी प्रतिभागियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भारत गाता के उद्घोष से पूरा रेलवे परिसर गूंज उठा। प्रतिभागियों में गुजरात जाने का उत्साह चरम पर था।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नक्सलमुक्त भारत के संकल्प को साकार करते हुए 31 मार्च 2026 को बिहार को नक्सलमुक्त घोषित किया जा चुका है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को 31 अक्टूबर, 2026 को गुजरात के केवड़िया में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह में बिहार एस०टी०एफ० के 206 पुलिसकर्मी एवं 22 नक्सलमुक्त जिलों के 1,100 ग्रामीण प्रतिभागी शामिल होंगे। यह यात्रा ‘संकल्प से सिद्धि’ तक बिहार की सफलता, जनगागीदारी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर जारी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश देगी।
ये भी पढ़ें- Bihar MLC Election Result 2026: 8 सीटों पर किसकी जीत, कौन हारा? यहां देखें पूरा रिजल्ट

