कुंदन कुमार, पटना। बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश कोर कमिटी की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी चुनावी चुनौतियों से निपटने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश नेतृत्व ने की, जिसमें राज्य के राजनीतिक परिदृश्य और पार्टी की भावी कार्ययोजनाओं पर गहराई से विचार-विमर्श हुआ।

​विधान परिषद चुनावों पर विशेष ध्यान

​बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु आगामी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव रहे। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले इन चुनावों को देखते हुए भाजपा नेताओं ने संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी रणनीति की समीक्षा की। पार्टी का लक्ष्य इन सभी सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी पकड़ को और मजबूत बनाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और घर-घर तक पहुंचने की योजना बनाई गई है।

​शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय मंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति

​इस बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा बिहार सह-प्रभारी रोहन गुप्ता तथा संगीता यादव भी बैठक में शामिल हुए। बिहार के सह-प्रभारी के रूप में संगीता यादव के प्रथम बिहार आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर बैठक का मार्गदर्शन किया।

​वरिष्ठ नेताओं की सहभागिता और भविष्य का संकल्प

​बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद राधा मोहन सिंह, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व मंत्री मंगल पांडे, सांसद संजय जायसवाल और मंत्री दिलीप जायसवाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता के बल पर आगामी सभी चुनावों में ऐतिहासिक सफलता हासिल की जाएगी।