Bihar Floods: बिहार में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने राज्यसभा सांसद के तौर पर मिलने वाले अपने तीन महीने के वेतन की पूरी राशि यानी 6 लाख 35 हजार रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का ऐलान किया है। नितिन नबीन ने कहा कि बाढ़ प्रभावितों तक राहत और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। गौरतलब है कि इस समय राज्य के 15 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे करीब 45 लाख से अधिक की आबादी बुरी तरह प्रभावित है।

मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान किया वेतन

नितिन नबीन ने इसकी जानकारी खुद एक्स पोस्ट के जरिए दी। नितिन नबीन ने लिखा कि, बिहार में बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावितों तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए सरकार पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि, राज्यसभा सांसद के रूप में मैं भी अपने तीन महीने के वेतन की राशि, 6,35,000 मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान करता हूं।

‘प्रभावित परिवार के साथ हम प्रतिबद्धता के साथ खड़े’

उन्होंने बताया कि, राज्य सरकार द्वारा बाढ़ से प्रभावित परिवारों को 7,000 प्रति परिवार की वित्तीय सहायता के रूप में कुल 550 करोड़ से अधिक की राशि प्रदान की गई है। राहत शिविरों, कम्युनिटी किचन, चिकित्सा सुविधाओं और पशु चारे की व्यवस्था के साथ NDRF एवं SDRF की टीमें बचाव कार्यों में तैनात हैं। किसानों की फसल क्षति का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है।

नितिन नबीन ने यह भी कहा कि, केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। हम सभी बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारजनों के साथ पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़े हैं।

ये भी पढ़ें- ‘नार्को टेस्ट करा लें…’, अनंत सिंह पर नीरज कुमार का पलटवार, बोले- हम डरने वालों में से नहीं