कुंदन कुमार, पटना। बिहार में राबड़ी आवास को लेकर एक बार फिर से सियासत गरमाती हुई नजर आ रही है। दरअसल भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व सीएम राबड़ी देवी को पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड के सरकारी आवास, जिसे अब राबड़ी आवास के नाम से जाना जाता है, उसे खाली करने को लेकर सख्त निर्देश जारी किया गया है।
नंद किशोर राम को आवंटित है आवास
भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि बिहार सरकार में मंत्री पशु एंव डेयरी मंत्री नंद किशोर राम को 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास आवंटित किया गया है। वहीं, राबड़ी देवी को अब हार्डिंग रोड स्थित केंद्रीय पूल का आवास संख्या-39 आवंटित किया गया है। आदेश में लिखा गया है कि लेकिन अभी तक बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी की ओर से 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली नहीं किया गया है। जारी आदेश में उन्हें जल्द से जल्द आवास को खाली करने का निर्देश दिया गया है।
नवंबर 2025 में भी जारी हुआ था आदेश
गौरतलब है कि लालू परिवार लंबे समय से 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में रह रहा है, जिसे अब राबड़ी आवास के नाम से भी जाना जाता है। इससे पहले जब नवंबर 2025 में चुनाव के बाद नीतीश कुमार की नई सरकार बनी थी। तब भी उस समय 25 नवंबर को आवास खाली करने हेतु भवन निर्माण विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया था, जिसे लेकर खूब सियासत भी देखने को मिली थी।
सम्राट के सीएम बनने पर दूसरी बार मिला नोटिस
दिसंबर के अंत में राबड़ी आवास से धीरे-धीरे सामान भी शिफ्ट होने लगा था। हालांकि समय के साथ यह मामला शांत पड़ गया। वहीं, अब जब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद सम्राट चौधरी ने सीएम पद की शपथ ली है। सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद यह दूसरा ऐसा मौका है, जब राबड़ी देवी को आवास खाली करने हेतु नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में एक बार फिर से सियासत तेज हो सकती है।
दो दशक से यहां रह रहा है लालू परिवार
आपको बता दें कि 1997 में जब राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री बनी तब उन्हें सरकारी आवास नंबर 1, अणे मार्ग आवंटित किया गया था। वहीं, 2005 में राबड़ी देवी जब नेता प्रतिपक्ष बनीं, तब भी उन्हें 10, सर्कुलर रोड आवास अधिकृत रूप से आवंटित किया गया, जिसे बाद में राबड़ी आवास के नाम से जाना जाने लगा। लगभग 27 साल से लालू परिवार का यही ठिकाना स्थायी बना हुआ था, जिसे अब भवन निर्माण विभाग ने खाली करने का निर्देश जारी किया है।
ये भी पढ़ें- मोकामा विधायक अनंत सिंह की बढ़ी मुश्किलें, बिहार सरकार ने CID को सौंपी वायरल VIDEO मामले की जांच

