कुंदन कुमार, पटना। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा आज गुरुवार (22, अक्टूबर) को जदयू एमएलसी और पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार नीरज कुमार से मुलाकात करने पहुंचे। गौरतलब है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कल बुधवार को नीरज कुमार बेली रोड स्थित अपने सरकारी आवास पर पहुंचे है, बीते सोमवार को सीवान में दुर्गा पूजा के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद से पटना के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बिहार विधानपरिषद की 8 सीटों पर कल चुनाव होना है।
बंद कमरे में 20 मिनट तक हुई मुलाकात
ऐसे में मतदान से एक दिन पहले जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और एमएलसी संजय गांधी आज उनके आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं की करीब 20 मिनट तक नीरज कुमार से बंद कमरे में मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने नीरज कुमार का हालचाल जाना और कल होने वाले मतदान को लेकर चर्चा की। बता दें की नीरज कुमार से मुलाकात करने से पहले दोनों नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष और पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। एमएलसी संजय गांधी नीतीश कुमार के बेहद करीबी बताए जाते हैं।
वे टोटका कर रहे हैं- अनंत सिंह
गौरतलब है कि अनंत सिंह पटना स्नातक सीट से जदयू विधानपार्षद और मौजूदा उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं। मोकामा विधायक इस सीट पर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में लगातार प्रचार प्रसार और उनकी जीत का दावा कर रहे हैं।
नीरज कुमार के बीमार होने के बावजूद अनंत सिंह लगातार उनपर हमलावर है। कल बुधवार को पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि, हम पहले ही कह चुके हैं कि हम जीतेंगे। वहीं, नीरज कुमार की तबीयत पर उन्होंने कहा कि, हम एक ही बात जानते हैं कि उन्होंने टोटका किया और वे टोटका कर रहे हैं।
164 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कल
बिहार MLC चुनाव के लिए 8 सीटों पर कल 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होना है। वोटिंग बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराई जाएगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता 164 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरे राज्य में 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमएलसी चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- ‘…तो PM मोदी तक पहुंचेगा संदेश’, बिहार MLC चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान, मतदान कल

