पटना। बिहार में मानसून पूरी तरह से मेहरबान है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली है। मंगलवार की सुबह खगड़िया और जमुई में हुई तेज बारिश ने मानसून के सक्रिय होने का संकेत दे दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के 27 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
बिजली गिरने से चार लोगों की दर्दनाक मौत
मानसून की पहली बारिश अपने साथ आफत भी लेकर आई है। सोमवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) से 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 24 से अधिक लोग झुलस गए। मृतकों में सीतामढ़ी के दो लोग मुंगेर की एक 15 वर्षीय किशोरी और पटना के बख्तियारपुर की एक महिला शामिल है।
इसके अलावा, दरभंगा के होरलपट्टी गांव स्थित जलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के गुंबद पर बिजली गिरने की बड़ी घटना सामने आई। गनीमत रही कि उस समय मंदिर में पूजा कर रहे करीब 25 श्रद्धालु सुरक्षित बच गए हालांकि मंदिर के ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान: 1 जुलाई से बढ़ेगा बारिश का जोर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 जून से बारिश की गतिविधियों में तेजी आई है। पटना, नालंदा, अरवल और जहानाबाद सहित कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। विभाग ने 1 जुलाई से पूरे बिहार में व्यापक वर्षा का अनुमान जताया है।
आगामी 7 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इस बदलाव से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है।
पिछले 24 घंटों में बदला मौसम का मिजाज
बीते 24 घंटों के दौरान बांका, बेतिया, बगहा, कटिहार, खगड़िया, छपरा, रोहतास, कैमूर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, आरा, सहरसा, मधुबनी, दरभंगा और बक्सर में अच्छी बारिश हुई है। राजधानी पटना में सुबह की चिलचिलाती धूप के बाद अचानक छाए काले बादलों और तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और पेड़ के नीचे या खुले स्थानों पर शरण न लेने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है ताकि जनहानि को कम किया जा सके।

