कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानमंडल मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही आज मंगलवार 21 जुलाई को शुरू हो चुकी है। सदन में भाग लेने के लिए विस अध्यक्ष प्रेम कुमार मौजूद हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत एनडीए दल के कई नेता सदन में मौजूद हैं। सत्र के दूसरे दिन यानी की आज कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्य और विधेयकों पर चर्चा प्रस्तावित है। इसके अलावा प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर विधायक सरकार से सवाल पूछेंगे, जिनका संबंधित मंत्री सदन में जवाब देंगे।
बढ़ते अपराध को लेकर विपक्ष का हंगामा
सत्र के शुरू होने से पहले भी विपक्षी सदस्यों ने विधानसभा के गेट पर हंगामा किया। विपक्ष ने राज्य में बढ़ रहे बलात्कार की घटना को लेकर सम्राट सरकार को घेरने की कोशिश की। विपक्ष ने राज्य में बढ़ती घटनाओं को लेकर सरकार से जवाब मांगा। विपक्षी सदस्यों का कहना है कि सरकार को सदन के अंदर इस बात का जवाब देना चाहिए की बिहार में अपराध रुक क्यों नहीं रहे हैं। विपक्ष के सदस्य हाथ में तख्ती लेकर पहुंचे थे, जिसमें लिखा गया था। बिहार हत्या में नंबर-1…बलात्कार में नंबर -1 बिहार…देश में सबसे अधिक अपराध में बिहार नंबर-1।
दिल्ली में प्रदर्शन पर मंत्री श्रवण कुमार का बयान

बिहार विधान मंडल सत्र के दूसरे दिन दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन को लेकर भी सियासत शुरू हो गई है। सत्र में भाग लेने पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, यह पढ़ने लिखने वाले छात्रों का प्रदर्शन नहीं है। ये राजनीतिक दल करवा रहे हैं, जो पढ़ने-लिखने वाले छात्र हैं। वो तो पढ़ रहे हैं। अपना काम कर रहे हैं। वो देख रहे है कि नीट पेपर लीक मामले में कारवाई हो रही है। दोषी पकड़े जा रहे हैं, कठोर कार्रवाई हो रही है। वो क्यों इस लफड़े में पड़ेंगे?
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, ये तो कुछ राजनीतिक दल हैं, जो इस तरह कर हंगामा कर रहे हैं। यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। वहीं, एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, कहीं भी किसी विद्यालय का भगवाकरण नहीं हो रहा है। विपक्ष ऐसे ही हवा उड़ा रहा है। यहां अच्छी शिक्षा की व्यवस्था की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार में पोस्टर पॉलिटिक्स: NDA ने तेजस्वी को बताया ‘पार्ट टाइम पॉलिटिशियन’


