कुंदन कुमार, पटना। बिहार में इस समय मानसून सत्र चल रहा है। वहीं, दूसरी ओर बांकीपुर उपचुनाव को लेकर चुनावी अभियान भी अपने चरम पर हैं। हालांकि मानसून सत्र और उपचुनाव के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बिहार से गायब रहने और विदेश में भ्रमण करने को लेकर अब राजनीति तेज हो गई है। आज मंगलवार (21, जुलाई) को एनडीए के कार्यकर्ताओं की ओर से एक पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें तेजस्वी यादव को पार्ट टाइम पॉलिटिशियन बताया गया है।
तेजस्वी को दिखाया परदेसी बाबू
जारी पोस्टर में लिखा गया है….मिलिये पार्ट टाइम पॉलिटीशियन परदेशी बाबू से। विधान सभा मानसून सत्र से गायब… विधानसभा उपचुनाव से गायब…राजद स्थापना दिवस से गायब….। जारी तस्वीर में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को परदेसी बाबू की तरह दिखाया गया है, जो कंधे पर बैग लिए, गर्दन में कैमरा लटकाए हुए और एक हाथों में कॉफी पकड़े हुए विदेश की सड़कों पर भ्रमण करते हुए नजर आ रहे हैं। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की इस पोस्टर का जवाब राजद के नेता कब और किस अंदाज में देते हैं।
तेजस्वी के नेतृत्व को लेकर उठ रहे हैं सवाल
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव लंबे समय से विदेश यात्रा पर हैं। हालांकि वह पारिवारिक यात्रा पर हैं, या कोई आधिकारिक यात्रा इसे लेकर पार्टी और ना ही तेजस्वी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। ऐसे में एक तरफ जहां, पार्टी के नेता और प्रवक्ता अपना इस्तीफा दे रहे हैं। वहीं, बांकीपुर उपचुनाव सिर पर है। पार्टी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता अपने अकेले दम पर प्रचार-प्रसार में जुटी हुई हैं।
पार्टी के नेता भी उनके समर्थन में प्रचार करते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव कहां है? इस बात की किसी को सही जानकारी ही नहीं है। कल 20 जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र में भी वह भाग लेने के लिए सदन नहीं पहुंचे, जिससे में तेजस्वी के नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं, विपक्ष के नेता भी लगातार उनपर हमलावर हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार में डबल मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी और पत्नी की निर्मम हत्या


