उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिले में कल सोमवार की देर शाम एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग मोहल्ले में बदमाशों ने घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुंवर और उनकी पत्नी नीलम कुंवर की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और छानबीन में जुट गई। घटना को लेकर इलाके को लोगों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे अपराधी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल से कई ऐसे अहम सुराग मिले हैं, जिससे यह प्रतित हो रहा है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ इस डबल हत्याकांड को अंजाम देने के लिए पहुंचे थे। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, जो जांच में आगे चलकर काफी काम आ सकते हैं।
अलग-अलग जगह पर मिले पति-पत्नी के शव
इस दोहरे हत्याकांड को लेकर सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों पति-पत्नी का शव अलग-अलग जगहों पर मिला है। पुलिस के मुताबिक रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुंवर की लाश घर के ग्राउंड फ्लोर पर मिली। उनकी चाकू मारकर हत्या की गई थी, उनके शरीर पर चाकू से वार करने के कई निशान मिले हैं। वहीं, उनकी पत्नी नीलम कुंवर का शव घर की छत पर मिला। बताया जा रहा है कि गला दबाकर उनकी हत्या की गई है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों पति-पत्नी के मौत की असली वजह का पता चल सकेगा।
हत्याकांड के हो सकते हैं कई वजह
कहा जा रहा है कि अपराधियों ने पहले अशोक कुंवर की हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए उनकी पत्नी को भी मार डाला। मुजफ्फरपुर डबल मर्डर को लेकर एसएसपी कांतेस कुमार मिश्रा ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को दो संदिग्ध अपराधियों ने अंजाम दिया है।
उन्होंने बताया कि अपराधी इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए पूरी तैयारी के साथ आए थे। घटनास्थल से ग्लव्स और झोला बरामद हुआ है। मृतक अशोक कुंवर के चेहरे पर टेंप बांधन के भी निशान मिले हैं। उन्होंने बताया कि परिजनों से पूछताछ में संपत्ति विवाद का भी पता चला है। इस हत्याकांड (मुजफ्फरपुर डबल मर्डर) को अंजाम देने के लिए आपसी रंजिश, लूटपाट का विरोध करने समेत कई कारण शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल
पुलिस ने आरोपियों की धर पकड़ व पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमेरों को खंगालने में जुट गई है। पुलिस को उम्मीद है कि वह जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। वहीं, दूसरी ओर इस हत्याकांड (मुजफ्फरपुर डबल मर्डर) को लेकर स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने और घटना का खुलासा करने की मांग की है।
पड़ोस के युवक ने सबसे पहले देखा शव
घटना की जानकारी उस समय हुई, जब बेटे निखिल कुमार अपने माता-पिता को फोन किया और लगातार फोन करने के बाद कॉल रिसीव नहीं हुआ, तो उन्होंने पड़ोस के चिंकू कुमार को घर देखने के लिए भेजा। चिंकू कुमार ने बताया कि हम देखने गए तो प्रथम तल पर चाचा खून से लतपत पड़े थे और तृतीय तल पर चाची का शव पड़ा हुआ था। उनका मुंह गमछा से बांधा हुआ था। हमने किसी चीज को छुआ नहीं और देखकर तुरंत निखिल भैया को बता दिया।
ये भी पढ़ें- नालंदा में दिनदहाड़े 17 लाख की चोरी, बेटी की शादी के लिए जुटाए जेवर और पैसे ले उड़े बदमाश


