वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के लहेरी थाना क्षेत्र स्थित बैंक कॉलोनी में दिनदहाड़े 17 लाख की चोरी की घटना ने इलाके के लोगों में सनसनी फैला दी है। बेखौफ बदमाशों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं पीड़िता

पीड़िता सुषमा कुमारी चौधरी जो शिक्षा विभाग नवादा में कार्यरत हैं, ने बताया कि वह हर रोज की तरह कल सोमवार को सुबह करीब नौ बजे ड्यूटी पर गई थीं। दोपहर करीब तीन बजे जब घर लौटीं तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो गोदरेज और बक्सों के ताले टूटे हुए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।

बेटी की शादी के लिए जुटाए थे गहने और पैसे

पीड़िता के अनुसार, चोर घर से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और 2 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष बेटी की शादी होनी थी, जिसके लिए वर्षों से गहने जुटाए जा रहे थे। हैरानी की बात यह है कि आसपास कोचिंग संचालित होने और लोगों की आवाजाही के बावजूद किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही लहेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया , जिसने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, जो जांच में आगे चलकर काफी काम आ सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कही। वहीं, पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी, मौत बनकर गिरेगी बिजली!