कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
RLM को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष
राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से आज 7 जून 2026 को पटना के रविन्द्र भवन में राज्य स्तरीय अधिवेशन और राज्य परिषद सदस्यों व डेलिगेट्स की बैठक बुलाई गई है। दोपहर 12 बजे होने वाले इस बैठक में पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना जाएगा। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आलोक कुमार सिंह और प्रशांत कुमार पंकज दो नाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद 13 जून को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना है। इन कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
राजद कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन
राजद कार्यालय में आज दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल समते पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रह सकते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लालू-राबड़ी की सुरक्षा हटाए जाने और राबड़ी आवास को लेकर जारी विवाद पर पार्टी अपनी बात रख सकती है। इसके साथ ही पार्टी के नेता प्रदेश में बढ़ते अपराध और सरकार की नाकामियों को भी मीडिया के सामने रख सकती है।
कांग्रेस कार्यालय में बैठक
कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज दोपहर 2 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां, संगठनात्मक विस्तार, बढ़ती महंगाई, अपराध और राज्य से जुड़े अन्य जरूरी मुद्दों पर पार्टी अपनी राय सामने रख सकती है। इस दौरान कांग्रेस नेता मीडिया के सवालों का भी जवाब दे सकते हैं।

