कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

सीने पर 21 कलश रख तपस्या करेंगे बाबा नागेश्वर दास

आज रविवार 11 अक्टूबर 2026 को शारदीय नवरात्रि का पहला दिन है। पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। प्रात:काल से लेकर पूरे दिन कलश स्थापना की जा सकती है। इस अवसर पर पटना के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में आज से कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की आराधना शुरू होगी। वहीं, पटना के नवलखा दुर्गा मंदिर में बाबा नागेश्वर दास एक विशेष अनुष्ठान के तहत अपने सीने पर 21 कलश स्थापित कर आज से मां दुर्गा की आराधना शुरू करेंगे। इस दौरान वे पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मां की उपासना करेंगे। नवलखा दुर्गा मंदिर में होने वाला यह अनुष्ठान श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहेगा।

भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉनफ्रेंस

आज भाजपा कार्यालय में आज सुबह 11 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता मीडिया को संबोधित करते हुए उनके सामने महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात को रखेंगे। इस दौरान मौजूदा वर्तमान राजनीतिक हालात, एमएलसी चुनाव की तैयारियों और जनता के बीच पार्टी की योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी द्वारा हाल ही में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा। पार्टी का उद्देश्य जनता और मीडिया को अपनी प्राथमिकताओं और योजनाओं से अवगत कराना है।

कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन

कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज रविवार (11, अक्टूबर) दोपहर 2 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेस-कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जो संवददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां, संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य से जुड़े मुद्दों पर मीडिया को जानकारी देंगे। इसके साथ ही वे एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर चल रहे विवाद पर भी पार्टी की राय सामने रखेंगे।

दिल्ली में छात्रों की गिरफ्तारी के विरोध में आज AISA का प्रदर्शन

दिल्ली में कल शनिवार 10 अक्टूबर 2026 को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे सैंकड़ों छात्रों और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों से करीब 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे छात्रों की गिरफ्तारी के विरोध में आज ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) द्वारा आइसा राजधानी में प्रदर्शन किया जाएगा। आइसा और उससे जुड़े अन्य छात्र संगठन के लोग गिरफ्तार छात्रों की रिहाई की मांग को लेकर 2 बजे से सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।

ये भी पढ़ें- दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन सख्त, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा और नियमों पर मंथन, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध