कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन
जदयू कार्यालय में आज सोमवार (12, अक्टूबर 2026) को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
AISA की प्रेस कॉन्फ्रेंस
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की ओर से आज दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा, नागरिकों के मतदान के अधिकारों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाना है। इस दौरान जंतर-मंतर पर प्रस्तावित ‘CJP Protest 2.0’ के दौरान हुई गिरफ्तारियां और कथित तौर पर उनके साथ हुई मारपीट से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संगठन लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और जनता की आवाज को मजबूती से उठाने से संबंधित विषयों पर अपनी बात रखेगा।
भाजपा कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज सोमवार को सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हल्ला बोल
मतदाता सूची में कथित वोट चोरी और लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में आज कांग्रेस की ओर से विरोध मार्च और आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन भी किया जाएगा। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई गिरफ्तारियां के खिलाफ यह विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रदर्शन दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- तेजप्रताप यादव हुए भावुक, राइज एंड फॉल 2 में माता-पिता को वीडियो कॉल पर देख छलके आंसू

