पटना। रियलिटी शो राइज एंड फॉल 2 के हालिया एपिसोड में राजनीति और परिवार का एक बेहद भावुक और मार्मिक पहलू देखने को मिला। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और राजनेता तेजप्रताप यादव शो के दौरान अपने माता-पिता, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को वीडियो कॉल पर अचानक देखकर अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सके। स्क्रीन पर अपने माता-पिता का चेहरा आते ही उनकी आंखें नम हो गईं।

​शो के दौरान हुआ इमोशनल सरप्राइज

​शो के होस्ट और पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने जब लालू यादव और राबड़ी देवी से संपर्क किया और पूछा कि क्या वे शो देख रहे हैं, तो उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया। माता-पिता को सामने देख तेजप्रताप बुरी तरह भावुक हो गए। उन्होंने बातचीत के दौरान अपनी मां राबड़ी देवी से पिता की सेहत को लेकर चिंता जताई और कहा कि पापा की तबीयत कुछ ठीक नहीं लग रही है। इस पर राबड़ी देवी ने उन्हें दिलासा देते हुए समझाया कि वे बिल्कुल ठीक हैं। इस दौरान लालू प्रसाद यादव ने भी बात करने की कोशिश की, लेकिन वे ठीक से बोल नहीं पाए। इस पूरे दृश्य ने शो में मौजूद हर शख्स को भावुक कर दिया, जिसमें अभिनेत्री स्वरा भास्कर भी शामिल थीं जो अपनी बेटी राबिया को याद कर सिहर उठीं।

​निजी जिंदगी और शादी को लेकर किए गए बड़े खुलासे

​इससे पहले के एपिसोड्स में तेजप्रताप यादव ने अपनी टूटी हुई शादी और निजी जीवन से जुड़े कई गंभीर खुलासे किए थे। उन्होंने दावा किया था कि ऐश्वर्या राय से उनकी शादी दबाव में कराई गई थी, उस वक्त वे बिहार के स्वास्थ्य मंत्री थे। शादी के बमुश्किल तीन महीने बाद ही उनके और उनकी पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गए थे। तेजप्रताप ने आरोप लगाया था कि उन्हें घर से बाहर निकलने और पूजा-पाठ करने से रोका जाता था, जबकि उनकी पत्नी सुबह चार बजे तक पार्टियों में व्यस्त रहती थीं।

​चैट और तलाक की पुरानी वजहों का जिक्र

​तेजप्रताप ने एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए बताया था कि विधानसभा से लौटने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को किसी अन्य लड़के को ‘लव यू’ और हार्ट इमोजी भेजते हुए चैट करते देखा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने विवादों के सबूत के तौर पर कुछ वीडियो रिकॉर्ड करके कोर्ट में भी पेश किए थे। इससे पहले भी वे एक अन्य रियलिटी शो में अपनी शादी टूटने की वजहों पर खुलकर बात कर चुके हैं, जहां उन्होंने ऐश्वर्या राय पर मां राबड़ी देवी के साथ मारपीट करने और धार्मिक आदतों पर रोक-टोक लगाने के गंभीर आरोप लगाए थे।