कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन
जदयू कार्यालय में आज शुक्रवार (16, अक्टूबर 2026) को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
राज्य निर्वाचन आयोग का घेराव करेंगे छात्र-युवा
डीवाईएफआई और एसएफआई के छात्र-युवा आज 16 अक्टूबर को राज्य निर्वाचन आयोग का घेराव करेंगे। इस दौरान छात्र और युवा एसआईआर के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग समेत अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। घेराव का कार्यक्रम पटना के आर ब्लॉक गोलंबर पर दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी पटना में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
कांग्रेस कार्यालय में बैठक का आयोजन
कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज शुक्रवार (16, अक्टूबर) को दोपहर 2 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर तैयारियों, प्रचार-प्रसार और अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर मंथन करेंगे। कांग्रेस ने एमएलसी चुनाव के लिए 5 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। इसके साथ ही बैठक में बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां, संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
राजद कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन
राजद कार्यालय में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया है। इस दौरान राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल समेत अन्य नेता व पदाधिकारी मौजूद रह सकते हैं, जो प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान MLC चुनाव, मौजूदा राजनीतिक हालात, SIR, बढ़ते अपराध और महंगाई समेत तमाम मुद्दों पर अपनी राय मीडिया के सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही राजद प्रवक्ता विपक्षी दलों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए मजबूती के साथ अपनी पार्टी का पक्ष रखेंगे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही पार्टी की ओर से वैशाली नाव हादसे को लेकर भी पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- शौच के लिए निकली 6 साल की बच्ची से रेप, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, जानें पूरा मामला

