पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में एक छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना बुधवार शाम करीब पांच बजे की है जब बच्ची अपने घर के पीछे स्थित शौचालय जा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक किशोर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोपी ने मासूम को मात्र पांच रुपए देने का लालच दिया और अपने कमरे में बंद कर उसके साथ घृणित कृत्य किया। जब बच्ची दर्द से कराहने लगी और रोने लगी, तो आरोपी ने उसे पचास रुपए देने का लालच देकर चुप रहने की धमकी दी।

​मां की सूझबूझ से खुला राज

उधर, घर में बच्ची को न पाकर उसकी मां परेशान हो गई और उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक ढूंढने के बाद भी जब बच्ची का कुछ पता नहीं चला, तो उसने आसपास के बच्चों से पूछताछ की। तभी एक बच्चे ने बताया कि पड़ोस का एक लड़का उसे अपने साथ ले गया है। यह सुनते ही मां तुरंत उस घर की तरफ दौड़ी। उसने देखा कि पड़ोस के एक कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद है। जब उसने जोर-जोर से दरवाजा खटखटाया और चिल्लाना शुरू किया, तो कुछ देर बाद उसकी बेटी सहमी और रोते हुए कमरे से बाहर आई। डर के मारे बच्ची ने पहले कुछ नहीं बताया, लेकिन जब मां ने प्यार से पूछा, तो उसने पूरी आपबीती सुनाई कि कैसे आरोपी ने उसे पांच रुपए का लालच देकर दरिंदगी की और फिर पचास रुपए का झांसा दिया।

​अस्पताल में इलाज जारी

घटना के बाद सदमे में आए परिजनों ने बिना देर किए बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बैरिया पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया रेफर कर दिया। जीएमसीएच के डॉक्टरों ने बच्ची के साथ रेप की पुष्टि की है। डॉक्टरों के अनुसार, जब बच्ची को अस्पताल लाया गया था, तब उसके प्राइवेट पार्ट से लगातार खून बह रहा था। डॉक्टरों ने बताया कि गुप्तांग में कट लगने के कारण ब्लीडिंग शुरू हुई थी। फिलहाल जीएमसीएच में बच्ची का इलाज चल रहा है और उसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।

​पुलिस की कार्रवाई

इस मामले की सूचना मिलते ही बैरिया थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। हालांकि, परिजनों की ओर से अभी लिखित आवेदन नहीं मिला है, लेकिन आवेदन प्राप्त होते ही नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।