कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
आज का कार्यक्रम
JDU कार्यालय में जनसुनवाई
पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में आज जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंच सकेंगे। पार्टी के मंत्री और संबंधित पदाधिकारी लोगों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों तक मामला पहुंचाया जाएगा। जनसुनवाई का उद्देश्य आम लोगों और सरकार के बीच सीधे संवाद का माध्यम उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे जदयू प्रदेश कार्यालय में होगा। इस दौरान मंत्री मौजूद रहेंगे और लोगों से सीधे संवाद करेंगे।
राजद की प्रेस वार्ता
राष्ट्रीय जनता दल की ओर से आज पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे वीरचंद पटेल पथ स्थित राजद राज्य कार्यालय के कर्पूरी सभागार में होगा। प्रेस वार्ता को राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी, राजद के वरिष्ठ नेता डॉ. तनवीर हसन सहित अन्य नेता संबोधित करेंगे। इस दौरान पार्टी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नेताओं की ओर से जानकारी दी जाएगी। प्रेस वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों का भी सामना किया जाएगा। कार्यक्रम में राजद के अन्य पदाधिकारी और नेता भी मौजूद रहेंगे।
नमो सेवा – अनकही कहानियां’ कार्यक्रम
पटना के प्रेमचंद रंगशाला में आज नमो सेवा–अनकही कहानियां के मंचन और कार्यशाला कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे मोइनुल हक स्टेडियम के निकट सैदपुर स्थित प्रेमचंद रंगशाला में होगा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र और प्रमोद चंद्रवंशी तथा भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान मंचन के साथ कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। आयोजन में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कला क्षेत्र से जुड़े लोग भी शामिल होंगे।
जमुई घटना के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
जमुई में छात्रा के साथ कथित उत्पीड़न की घटना के विरोध में कांग्रेस आज बिहारभर में धरना-प्रदर्शन करेगी। बिहार कांग्रेस की ओर से सभी जिला और प्रखंड स्तर पर प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। पटना में शाम 4 बजे कारगिल चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ता धरना देंगे। प्रदर्शन में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम समेत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस ने जमुई की घटना को गंभीर बताते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया है। मामले में पुलिस अब तक तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ चुकी है।



