Bihar News: बिहार के जमुई में नाबालिग युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और अभद्रता मामले को लेकर विपक्ष लगातार बिहार और केंद्र सरकार पर हमलावर है। इस बीच भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने भी सोशल मीडिया एक्स पर घटना का जिक्र करते हुए बिहार सरकार से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
बेटियों की इज्जत और सुरक्षा से समझौता नहीं- खेसारी
खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि, जमुई की इस घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। एक बेटी के साथ ऐसी दरिंदगी देखकर खून खौल रहा है। उन्होंने कहा कि, दोषी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं होना चाहिए। मेरी सरकार और प्रशासन से साफ मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सज़ा मिले। बेटियों की इज्जत और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक नाबालिग युवती जो अपने दोस्त के साथ नजर आ रही है, उसके साथ कुछ युवक कथित तौर पर छेड़खानी और अभद्रता करते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान युवती बार-बार उनसे छोड़ देने और यहां (उक्त स्थान) दोबारा वापस नहीं आने की गुहार लगाती रही, लेकिन बदमाश उसके साथ लगातार अभद्रता करते रहे। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसे लेकर प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहा है।
हालांकि वीडियो के वायरल होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य की तलाश जारी है। बिहार राज्य महिला आयोग ने घटना को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी से बात कर रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने मामले में उचित जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना पर एडीजी का बयान
उधर जमुई की इस घटना को लेकर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के. एस अनुपम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के. एस अनुपम बताया कि मामले में अब तक तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में दो की उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच बताई गई है। एडीजी ने बताया कि जमुई थाने में BNS की धारा 128, 74, 75 और POCSO एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है, जिसकी निगरानी जमुई SDPO के नेतृत्व में की जा रही है।
ये भी पढ़ें- ‘किसी केंद्रीय मंत्री को ट्रांसजेंडर बताना ठीक नहीं’, जीतन राम मांझी ने CM से की कार्रवाई की मांग



