कुंदन कुमार, पटना। बिहार के युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने दरोगा (SI) भर्ती मुख्य परीक्षा को रद्द कर दिया है। यह परीक्षा भारी प्रशासनिक गड़बड़ियों और धांधली की शिकायतों के चलते रद्द की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान व्यवस्था में भारी चूक और गड़बड़ी की बात सामने आई थी। परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठने के बाद आयोग ने यह कठोर कदम उठाया है।

​EOU संभाल रही है जांच की कमान

​इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को इसकी जांच सौंप दी गई है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस धांधली के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और किस स्तर पर चूक हुई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​अभ्यर्थियों के लिए अगली घोषणा का इंतजार

​परीक्षा रद्द होने से लाखों उम्मीदवारों की उम्मीदों को झटका लगा है, जो लंबे समय से इसकी तैयारी कर रहे थे। आयोग जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नई परीक्षा तिथियों की घोषणा करेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपडेट के लिए आधिकारिक पोर्टल पर नजर बनाए रखें।