पटना। बिहार की सियासत में एक नई तस्वीर ने सबका ध्यान खींचा है। दिल्ली दौरे से पटना लौटते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच गहरी आत्मीयता देखने को मिली। वायरल तस्वीरों में नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी के दोनों कंधों पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद देते नजर आए, वहीं सम्राट चौधरी ने सिर झुकाकर और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। यह शिष्टाचार मुलाकात बिहार की नई सरकार के भीतर बेहतर तालमेल का संकेत दे रही है।

शाम 6 बजे कैबिनेट की अहम बैठक
मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी आज यानी बुधवार शाम 6 बजे अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग करेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक में रोजगार को लेकर कोई बड़ा और नीतिगत फैसला लिया जा सकता है। दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और प्रधानमंत्री से चर्चा के बाद, इस कैबिनेट बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दिल्ली दौरा: PM मोदी और RSS नेताओं से विमर्श
अपनी दिल्ली यात्रा के दौरान सम्राट चौधरी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने इसे एक ‘मार्गदर्शन सत्र’ बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह बिहार की प्रगति को नई गति देगा। इसके बाद उन्होंने RSS दफ्तर जाकर संघ के वरिष्ठ नेताओं से भेंट की। प्रधानमंत्री से मिलने से पूर्व, उन्होंने भाजपा मुख्यालय में नितिन नवीन के साथ संक्षिप्त चर्चा की, जहाँ माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल के विस्तार और संभावित नामों की सूची को अंतिम रूप दिया गया।
आर्थिक संकट और 1 करोड़ लाभार्थियों को पेंशन का तोहफा
नई सरकार फिलहाल ‘क्राइसिस मैनेजमेंट’ मोड में काम कर रही है। राज्य की वित्तीय स्थिति को संभालने के लिए 12 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने की तैयारी है। इस फंड का एक बड़ा हिस्सा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए आवंटित किया जाएगा। मार्च और अप्रैल की रुकी हुई पेंशन अब मई महीने में 1 करोड़ से अधिक बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं को एक साथ दी जाएगी।
बता दें कि चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी थी, जिससे सरकारी खजाने पर प्रतिमाह 1150 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ बढ़ा है। इसके अलावा, 58 हजार छात्रों के लंबित स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड भुगतान और महिला रोजगार योजनाओं के कारण राजकोष पर भारी दबाव है, जिसे नए ऋण के माध्यम से संतुलित करने का प्रयास किया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

