पंकज श्रीवास्तव/​छपरा। सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए लूट का विरोध करने पर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घायल युवक की पहचान माड़ीपुर कला गांव निवासी स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह के पुत्र नितेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।

​रात के सन्नाटे में अपराधियों ने बोला धावा

​मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार देर रात लगभग 1:30 बजे की है। अज्ञात अपराधी अचानक नितेश कुमार सिंह के घर में घुस गए और कीमती सामान से भरा बक्सा उठाकर भागने लगे। आहट पाकर नितेश की नींद खुल गई और उन्होंने साहस दिखाते हुए अपराधियों को ललकारा। गृहस्वामी ने नितेश को दबोच लिया, जिससे बौखलाए अपराधियों ने अपने आप को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। गोली सीधे नितेश को लगी, जिसके बाद अपराधी अपने साथी को छुड़ाकर मौके से फरार हो गए।

​छपरा से पटना रेफर, स्थिति गंभीर

​गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लहूलुहान नितेश को आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन घाव की गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। फिलहाल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

​पुलिस महकमे में हलचल, छापेमारी तेज

​घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ राज कुमार ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। एसडीपीओ ने बताया कि पीड़ित के बयान और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। उन्होंने कहा अपराधियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​मां का रो-रोकर बुरा हाल

​इस घटना के बाद से पीड़ित युवक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि किस तरह बदमाशों ने घर में घुसकर उनके बेटे को निशाना बनाया। घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।