अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। रोहतास और औरंगाबाद जिले के लोगों के लिए पेयजल को लेकर बड़ी खबर है। सासाराम, डेहरी और औरंगाबाद के इलाकों में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और इसका विस्तार करने के लिए 2014 करोड़ 65 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के लिए नाबार्ड ने 1774 करोड़ 98 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी है। इससे इन क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता बढ़ने के साथ जलापूर्ति व्यवस्था भी मजबूत होगी।
मंत्री दीपक प्रकाश ने दी जानकारी

बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने इस मंजूरी के लिए केंद्र और राज्य सरकार का आभार जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी धन्यवाद दिया है। मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि ग्रामीण आधारभूत संरचना विकास निधि (RIDF) के तहत इस परियोजना को मंजूरी मिली है।
इन 3 शहरों को मिलेगी पेयजल की बेहतर सुविधा
इसके पूरा होने से सासाराम, डेहरी और औरंगाबाद के लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। परियोजना में सोन नदी के सतही जल का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे एक ओर लोगों को पीने के पानी की उपलब्धता आसान होगी, वहीं दूसरी ओर भूजल पर निर्भरता कम होने से भूजल स्तर में सुधार की भी उम्मीद है।
मंत्री दीपक प्रकाश ने सासाराम के एक निजी होटल के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य पेयजल सुविधाओं में सुधार करने के साथ जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। नाबार्ड से मिली स्वीकृति के बाद अब इस दिशा में काम आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
ये भी पढ़ें- चचेरे भाई ने नाबालिग को बनाया हवस का शिकार, परिवार ने भी नहीं दिया साथ, अब कोर्ट ने सुनाई 20 साल की सजा

