कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन

जदयू कार्यालय में हर रोज की तरह आज गुरुवार (10, सितंबर 2026) को भी जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

10 सूत्री मांगों को लेकर AISF का आंदोलन

पटना विश्वविद्यालय में LLB की फ्री पढ़ाई समेत, PG की फीस में बढ़ोतरी और MFA की पढ़ाई अब तक शुरू नहीं होने के विरोध में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) आज सुबह 11 बजे से धरने पर बैठेंगे। उनके साथ इस आंदोलन में कई सारे संगठन के छात्र भी शामिल होंगे। संगठन की ओर से इन मुद्दों समेत दस सूत्री मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।

भाजपा कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज गुरुवार को सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।

जन सुराज में शामिल होंगी सामाजिक कार्यकर्ता रूबी राय

सामाजिक कार्यकर्ता रूबी राय आज जन सुराज पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल होंगी। इस मौके पर पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। इस मौके पर आज शाम 4 बजे पार्टी कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जहां पर रूबी राय अपने समर्थकों के साथ जनसुराज पार्टी में शामिल होंगी। प्रशांत किशोर पार्टी में उनका स्वागत करते हुए जन सुराज की आगामी रणनीति और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अपनी बात मीडिया के सामने रख सकते हैं।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय मेले में झूले की बैरिकेडिंग टूटने से भगदड़, अफवाहों के बीच 10-15 लोग घायल