कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
पटना BJP कार्यालय में आज ‘मन की बात’ सुनेंगे नेता-कार्यकर्ता
पीएम मोदी के ‘मन का बात’ कार्यक्रम का आज रविवार (30, अगस्त) को 137वां एपिसोड प्रसारित किया जाएगा। पटना स्थित भाजपा कार्यालय में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया जाएगा। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। सभी नेता और कार्यकर्ता सुबह 11 बजे एक साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनेंगे।
‘मन का बात’ कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी जेन जी को लेकर बात कर सकते हैं। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से सरकार युवाओं और उनके मुद्दों पर फोकस कर रही है। इसके अलावा पीएम मोदी चीनी के बढ़ते दाम और उसे लेकर हो रही राजनीति पर भी अपनी बात रख सकते हैं। गौरतलब है कि पिछले एक महीने के दौरान चीनी की दाम में करीब 20 प्रतिशत का इजाफा देखने को मिला है, जिसे विपक्ष मुद्दा बनाते हुए लगातार सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।
आज से गर्दनीबाग में धरने पर बैठेगा आदित्य राज, हिरासत में मां से मारपीट का आरोप
पटना छात्र आंदोलन के दौरान सरकार से तीखे सवाल और अपने बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 6 वर्षीय आदित्य राज आज गर्दनीबाग में धरने पर बैठने जा रहा है। दरअसल आंदोलन के दौरान आदित्य और उसके माता-पिता को हिरासत में लिया गया था। आदित्य का आरोप है कि हिरासत के दौरान पटना पुलिस ने उसकी मां के साथ मारपीट की है, जिसके विरोध में आज सुबह 11 बजे छात्र ने गर्दनीबाग में धरने पर बैठने का ऐलान किया है। इससे पहले वह अपने वकील के साथ बिहार पुलिस मुख्यालय भी पहुंचा था और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की थी।
UGC एक्ट और SC/ST कानून के खिलाफ सवर्ण समाज का प्रेस कॉन्फ्रेंस
राजधानी पटना में यूजीसी एक्ट और एससी/एसटी कानून के खिलाफ सवर्ण समाज आज रविवार (30, अगस्त) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। इस दौरान सवर्ण समाज के प्रतिनिधि इन कानूनों को लेकर अपनी आपत्तियां और मांगें सामने रखेंगे। इस दौरान वे यूजीसी एक्ट और एससी/एसटी कानून से जुड़े प्रावधानों को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर करने के साथ ही सरकार का ध्यान आकर्षित करने के साथ वे अपनी आगे की रणनीति की भी जानकारी दे सकते हैं। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 2 बजे आशियाना होटल में की जाएगी।
राजद कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन
राजद कार्यालय में भी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया है। इस दौरान राजद के प्रवक्ता राज्य की मौजूदा राजनीतिक हालात समेत तमाम मुद्दों पर अपनी राय मीडिया के सामने रख सकते हैं। इसके साथ ही राजद प्रवक्ता विपक्षी दलों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए मजबूती के साथ अपनी पार्टी का पक्ष रखेंगे। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 1 बजे आयोजित की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बेगूसराय में मकई के खेत से 58 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, गला घोंटकर हत्या की आशंका


