कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
जदयू कार्यालय में होगी जनसुनवाई
जदयू कार्यालय में आज जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में आम जनता अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेगी। कार्यक्रम का समय दोपहर 11 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे और लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का आश्वासन देंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
वैश्विक बिहारियों को जोड़ने के लिए आज लांच होगा नया डिजिटल प्लेटफॉर्म
बिहार सरकार का सूचना प्रावैधिकी विभाग वैश्विक बिहारी समुदाय को राज्य के विकास और निवेश के अवसरों से जोड़ने के लिए एक विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म लांच करने जा रहा है। इसका शुभारंभ 9 जून को सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा करेंगे। यह प्लेटफॉर्म देश-विदेश में बसे बिहार मूल के लोगों को राज्य की विकास यात्रा, निवेश और ज्ञान-साझाकरण की पहलों से जोड़ने का माध्यम बनेगा। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 11:30 बजे टेक्नोलॉजी भवन, पटना में होगा। कार्यक्रम के कवरेज के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
बीजेपी कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज मंगलवार (9 जून) को सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।
बिहार युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव का ऐलान
बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा होने जा रही है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम और बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। इस दौरान युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की रूपरेखा, कार्यक्रम और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएगी। युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में काफी उत्सुकता है।
खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर कोर्ट में सुनवाई आज
खान सर की कोचिंग के बाहर हुए फायरिंग मामले में आज मंगलवार (9 जून) को पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई होनी है। खान सर के वकील ने कल अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, जिसपर आज दोपहर 12 बजे कोर्ट में सुनवाई होनी हैं। गौरतलब है कि मामले में FIR होने के बाद से खान सर फरार हैं। पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। लेकिन अब तक उनका कुछ पता नहीं चल सका है।
कल सोमवार को गिरफ्तार ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद और खान सर के दोनों सुरक्षाकर्मियों की जमानत याचिका पर भी कोर्ट में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने अपने फैसले को सुरक्षित रख लिया है। ऐसे में अब सभी की नजरें कोर्ट में आज होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई है।
ये भी पढ़ें- साजिश के तहत टोटो चालक की हत्या: पड़ोसी ही निकले कातिल, पत्नी ने न्याय की लगाई गुहार

