Bihar Today Weather: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल हुआ है। कल सोमवार को राज्य के कई जिलों में बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। इस बीच मौसम विभाग ने आज मंगलवार के लिए राज्य के 13 जिलों में तेज बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। वहीं, दूसरी ओर कई जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार रहने की संभावना है, जिससे इन इलाके को लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।
13 जिलों में बारिश-आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने जिन 13 जिलों में बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की है, उनमें राजधानी पटना भागलपुर, दरभंगा, पूर्णिया और गयाजी समेत कई जिले शामिल हैं। इन जिलों में बादल के छाए रहने के साथ ही हल्की से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान आसमान से आकाशीय बिजली के गिरने का भी खतरा बना रहेगा। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण-मध्य बिहार में सताएगी भीषण गर्मी
एक तरफ जहां आज 13 जिलों में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों का तापमान 40 डिग्री के पार रहने की संभावना है, जिससे इन इलाके को लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। सुबह के समय तेज धूप निकलने से इन क्षेत्रों के लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, दिन के बढ़ने और धूप के और तेज होने पर लोगों को भीषण गर्मी महसूस होगी।
जानें कब बिहार पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून पश्चिम-मध्य और पूर्वी मध्य अरब सागर, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, तथा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ज्यादातर हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके अलावा मणिपुर और मिजोरम के भी कुछ क्षेत्रों में मानसून ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। यदि वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो बिहार में 15 जून के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश करने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: खान सर मामले में सुनवाई आज, युवा कांग्रेस चुनाव, बीजेपी का सहयोग कार्यक्रम

