Bihar Today Weather: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। बीते 2-3 दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। इस बीच आज मंगलवार 1 सितंबर 2026 को भी मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इसके अलावा बाकी के 27 जिलों में भी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। खराब मौसम के दौरान मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें राजधानी पटना, सिवान, सारण, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, किशनगंज, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, सहरसा समस्तीपुर, दरभंगा, बेगूसराय और सुपौल जिला शामिल है। इन जिलों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, बाकी के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में मध्यम से लेकर अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
बीते दो दिनों से हो रही भारी बारिश और पड़ोसी राज्य (झारखंड) के पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी के कारण औरंगाबाद के नीचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए है। अदरी और पुनपुन समेत अन्य स्थानीय नदियों को जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नीचले इलाकों में पानी भरने और बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न होने के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मौसम के खराब होने के दौरान आसमान से आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा, जिसे लेकर विभाग ने इस दौरान लोगों को सर्तक और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है। चेतावनी के बीच मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को मौसम विभाग की अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। यह सिलसिला 5 सितंबर तक जारी रह सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के तटीय इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो गया है, जिसे मौसम में हुए इस बदलाव की मुख्य वजह बताया जा रहा है। इसके असर से यहां कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं और आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने की संभावना है। हालांकि 5 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव होने के संकेत हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, BJP का सहयोग कार्यक्रम, कांग्रेस की PC


