Bihar Today Weather: शारदीय नवरात्रि के पहले दिन यानी की आज रविवार (11, अक्टूबर) को बिहार का मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकतर जिलों में फिलहाल बारिश को लेकर किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट नहीं जारी किया है। हालांकि उत्तर बिहार के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। बाकी के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। राजधानी पटना समेत ज्यादातर जिलों में दिनभर आसमान साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है।
उत्तर बिहार के 7 जिलों में हल्की बारिश
मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के 7 जिलों में स्थानीय मौसमी बदलाव के कारण बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, सारण और सीवान में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान समस्तीपुर, सुपौल, बेगूसराय, बेतिया, लखीसराय, खगड़िया, मुजफ्फरपुर और मधुबनी में बारिश दर्ज की गई। वहीं, पटना में सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहे, हालांकि दिन चढ़ने पर तेज धूप भी निकल आई।
सुबह-सुबह हो रहा सर्द का एहसास
पिछले दिनों 3 से 4 दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में हुई बारिश का असर अब मौसम में भी देखने को मिल रहा है। मौसम भोर के समय हल्की-हल्की ठंड का एहसास दिलाने लगी है। हालांकि फिलहाल बिहार और उसके आसपास के क्षेत्रों में मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ गया है, जिससे अब आने वाले दिनों में बारिश होने के आसार काफी कम दिख रहे हैं। ऐसे में समय बीतने के साथ मौजूदा तापमान में कुछ बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
राजधानी पटना का मौसम
राजधानी पटना की बात करे तो आज का मौसम सामान्य बना रहेगा। दिन में अधिकतर समय आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान बादलों की आवाजाही भी देखने को मिल सकती है। हालांकि मौसम विभाग की ओर से जिले में बारिश को लेकर किसी भी प्रकार का अलर्ट नहीं जारी किया गया है। दिन के समय तेज धूप निकलने के साथ ही सुबह और रात के समय मौसम के सुहावना बने रहने का अनुमान जताया गया है।
बिहार से मानसून की विदाई जल्द
बिहार से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का समय नजदीक आ गया है। पिछले एक सप्ताह से मानसून की वापसी रेखा सुपौल से होकर गुजर रही है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 12 से 15 अक्टूबर के बीच मानसून पूरे बिहार से विदा हो सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है।
अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 12 अक्टूबर को बिहार के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 11 और 12 अक्टूबर के लिए राज्य में किसी तरह की विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, अगले पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: पटना में नवरात्रि की धूम, BJP-कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस, AISA का प्रदर्शन

