Bihar Top News Today 09 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 09 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
ई-रिक्शा की बैटरी फटने से छात्राएं झुलसीं
जमुई। जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर डॉक्टर नीरज साह के क्लिनिक के पास चलती ई-रिक्शा (टोटो) की बैटरी अचानक फट गई। बैटरी फटने से वाहन में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से इंटरमीडिएट की दो छात्राएं गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के समय ड्राइवर ने कान में ईयरफोन लगा रखा था, जिससे उसने छात्राओं की चेतावनी को अनसुना कर दिया। सदर प्रखंड के भगवाना गांव की रहने वाली तीन सहेलियां नेहा कुमारी, अंजनी कुमारी और रुचि रोज की तरह जमुई में कोचिंग करने आई थीं। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे कोचिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद तीनों ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने गांव वापस लौट रही थीं। इस वाहन में उनके अलावा छह अन्य यात्री भी सवार थे।
कानून व्यवस्था पर सीएम सम्राट सख्त
सीएम सम्राट चौधरी ने आज शुक्रवार (9, अक्टूबर) को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में गृह विभाग के प्रधान सचिव तथा पुलिस मुख्यालय के वरीय अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति, संज्ञेय अपराधों, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, मद्यनिषेध, नशामुक्ति और आर्थिक अपराधों से संबंधित कार्यों की जानकारी दी।
अनंत सिंह की बगावत के बीच बिहार NDA की बैठक
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर एनडीए के विधायक, सांसद और विधान पार्षदों की बैठक समाप्त हुई। इस बैठक के खत्म होने के बाद बाहर आए जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपने तीखे तेवरों से सियासी पारा और बढ़ा दिया है।
मीडिया से बातचीत करते हुए अनंत सिंह ने दो टूक शब्दों में ऐलान किया कि वह आगामी चुनावों में हर हाल में अनुज सिंह की मदद करेंगे। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वह किसी भी कीमत पर पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार को चुनाव नहीं जीतने देंगे।
लड़का-लड़की की लाश रेलवे ट्रैक पर मिली
Patna Crime: राजधानी पटना के कुम्हरार रेलवे ट्रैक पर आज शुक्रवार को एक युवक-युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवती की पचहान शैली रानी के रूप में हुई, जो टीपीएस कॉलेज के पास की रहने वाली है। मृतक शैली रानी बीते 5 अक्टूबर से लापता थी। इस संबंध में उसके परिजनों द्वारा 5 अक्टूबर को ही शैरी रानी के गुमशुदगी को लेकर कंकड़बाग थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दूसरी ओर मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
ऑनलाइन गेम में डेढ़ लाख हारा दसवीं का छात्र
पटना। आज के डिजिटल दौर में ऑनलाइन गेमिंग का नशा युवाओं और बच्चों की मानसिक स्थिति पर किस कदर भारी पड़ रहा है, इसका एक और मामला सामने आया है। पटना के बुद्धा कॉलोनी इलाके में रहकर पढ़ाई करने वाले दसवीं के एक छात्र ने ऑनलाइन गेम में 1.45 लाख रुपए गंवाने के बाद अपने ही अपहरण की एक झूठी पटकथा लिख डाली। हालांकि, पुलिस की सूझबूझ और तकनीकी जांच के चलते इस पूरी साजिश का चंद घंटों में ही पर्दाफाश हो गया और छात्र को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत
Patna News: राजधानी पटना से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है, जहां मनेर थाना क्षेत्र के सादिकपुर गांव में सोन सोता नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक सगे भाइयों की पहचान चंदन पासवान के पुत्र डब्लू कुमार और बबलू कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। एक साथ दो सगे भाइयों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद से सभी घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फर्जी शिक्षिका के नाम पर लाखों का वेतन भुगतान
भागलपुर। सरकारी रिकॉर्ड में ‘तनुश्री’ नाम की एक शिक्षिका का नाम दर्ज है, लेकिन वह किसी भी स्कूल में भौतिक रूप से मौजूद नहीं है। आरोप है कि फर्जी आईडी तैयार कर एचआरएमएस (HRMS) पोर्टल पर उसकी पहचान बनाई गई, जिसके आधार पर सरकारी खजाने से वेतन और एरियर के रूप में भारी रकम की अवैध निकासी की गई। मामले में सामने आए वित्तीय आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मई 2025 से जुलाई 2026 के बीच लगभग 52 लाख रुपये की कथित निकासी का जिक्र सामने आया है। वहीं दूसरी ओर, अगस्त 2026 में एक खाते में लगभग 43 से 46 लाख रुपये के बड़े ट्रांजैक्शन और कुल वित्तीय अनियमितता की राशि लगभग 96 से 98 लाख रुपये तक होने की बात कही जा रही है।
इसके अलावा, लगभग 73 लाख रुपये के एक कथित ट्रांसफर के प्रयास को बैंक द्वारा रोके जाने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि, अलग-अलग विवरणों में रकम और तारीखों में अंतर है, इसलिए वास्तविक आंकड़ों की पुष्टि बैंक स्टेटमेंट और विभागीय रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
कांग्रेस नेता के भतीजे की करंट ने ली जान
जहानाबाद। जिले में आज शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. दरअसल खेत में धान की फसल देखने गए एक किसान की 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई. यह घटना काको थाना क्षेत्र के सुखदेव बीघा गांव की है. मृतक की पहचान कांग्रेस नेता चंद्रिका प्रसाद यादव के भतीजे अवधेश प्रसाद मंडल के रूप में हुई है. मृतक खेती के साथ-साथ एलआईसी एजेंट का काम भी करते थे।
पांच लोगों को बोलेरो ने रौंदा, दो भाइयों की मौत
समस्तीपुर। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे-122B के किनारे गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने सड़क किनारे बैठे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके और पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है।
ADM के ठिकानों पर SVU का छापा
गोपालगंज। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई ने आज शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। SVU की टीम ने गोपालगंज की ADM राजेश्वरी पाण्डेय के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। एडीएम पर अपनी वैध आय से 100 फीसदी से भी अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। सूत्रों के अनुसार, राजेश्वरी पाण्डेय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। विशेष निगरानी इकाई द्वारा इन आरोपों की गुप्त जांच और सत्यापन कराया गया। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद अदालत से वारंट हासिल कर SVU की टीम ने उनके आवासीय और अन्य ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

