Bihar Top News Today 10 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 10 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

गोल्ड मेडलिस्ट छात्रा के समर्थन में उतरी कांग्रेस

पटना/ गया। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUSB), गयाजी की बायोइंफॉर्मेटिक्स विभागाध्यक्ष और गोल्ड मेडलिस्ट शोध छात्रा द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन पर उत्पीड़न और भेदभाव के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। छात्रा पिछले दो दिनों से मुख्य द्वार पर धरने पर बैठी है। इस मामले में बिहार कांग्रेस के मीडिया पैनलिस्ट डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पीड़िता के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने वर्तमान कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह पर विश्वविद्यालय की गरिमा धूमिल करने और इसे आरएसएस की शाखा में बदलने का सीधा आरोप लगाया है।

सड़कों पर बीजेपी का जोरदार प्रदर्शन

पटना। राजधानी पटना की सड़कों पर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का आक्रोश साफ देखने को मिला। बीजेपी महिला मोर्चा और ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से एक आक्रोश मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के निशाने पर मुख्य रूप से कांग्रेस सांसद और शीर्ष नेतृत्व रहे।

CM ने लाभार्थियों को जारी की पेंशन

कैमूर। बिहार सरकार ने राज्य के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित एक राज्यव्यापी कार्यक्रम के माध्यम से ‘सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना’ के तहत सितंबर माह की पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य भर के 1,08,36,005 पेंशनधारियों को 1,100 प्रति लाभार्थी की दर से राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग तेज

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुख्य प्रवक्ता एजाज अहमद ने केंद्र और राज्य सरकारों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश का नौजवान अब पूरी तरह समझ चुका है कि चुनावों में वोट चोरी हुई है और इसी के बल पर केंद्र समेत कई राज्यों में सरकारें बनाई गई हैं। इस चुनावी धांधली को लेकर देश भर के युवाओं में भारी आक्रोश है और वे सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

रहुई में PM आवास योजना पर घमासान

नालंदा। जिले के रहुई प्रखंड अंतर्गत पेशौर और उत्तरनावां पंचायत में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। पेशौर पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण डीडीसी सारा अशरफ ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों की जांच की, आवेदनों की समीक्षा की और तैयार प्रमाण पत्रों का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी ध्यानपूर्वक सुनीं।

घूस लेते पकड़ी गईं ICDS पर्यवेक्षिका

सासाराम। बिहार के रोहतास जिले अंतर्गत करगहर प्रखंड से बाल विकास परियोजना विभाग (ICDS) में महिला पर्यवेक्षिका का आंगनवाड़ी सेविका से खुलेआम रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। ​संबंधित वायरल वीडियो गुरुवार का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक आंगनवाड़ी सेविका महिला पर्यवेक्षिका प्रभा सिंह के कार्यालय में मौजूद है। वह एक कागज में लपेटकर रुपए (कैश) प्रभा सिंह को सौंपती है। रुपए मिलने के बाद महिला पर्यवेक्षिका उसे खोलकर गिनती और जांचती हुई भी नजर आ रही हैं। हालांकि, लेन-देन के दौरान पर्यवेक्षिका को यह आशंका हो जाती है कि कोई उनका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है, जिस पर वे सेविका को टोकती भी हैं।

आर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहा गलत काम

मधुबनी। आर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों का कथित तौर पर शोषण किया जा रहा था। पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन और एनजीओ की संयुक्त कार्रवाई के बाद इस बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ​लौकहा थाना क्षेत्र सहित जिले के कई अन्य इलाकों में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 9 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इन बच्चियों को कठिन और संदिग्ध परिस्थितियों में रखा गया था। रेस्क्यू की गई लड़कियों में एक लड़की पश्चिम बंगाल की भी है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट वहां पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी। फिलहाल, महिला थाना पुलिस सभी लड़कियों से सुरक्षित माहौल में पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य राज खोले जा सकें।

IPS रत्न संजय बने एडीजी विधि-व्यवस्था

पटना। बिहार सरकार के गृह विभाग द्वारा शनिवार को प्रशासनिक सेवा में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और बिहार पुलिस सेवा (BPS) के कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस नई प्रशासनिक सूची में कानून व्यवस्था से लेकर विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है। ​रत्न संजय (भापुसे-1998): इन्हें अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही इन्हें मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

पति से विवाद के बाद पत्नी ने लगाई नदी में छलांग

सासाराम। जख्खी बिगहा में पति से हुए विवाद के बाद एक नवविवाहिता ने सोन नहर में छलांग लगा दी। पत्नी को डूबता देख उसे बचाने के लिए पीछे-पीछे पति भी तेज बहाव वाले पानी में कूद पड़ा। हालांकि, वह अपनी पत्नी को बचा नहीं सका। पानी की प्रचंड धार में पत्नी बह गई, जबकि किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद पति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

दाखिल-खारिज मामले में निलंबित CO और RO गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। जिले में भू-माफिया और प्रशासनिक अधिकारियों की सांठगांठ में मुशहरी अंचल के निलंबित अंचल अधिकारी (सीओ) महेंद्र शुक्ला और राजस्व अधिकारी (आरओ) करुण कुमार को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अधिकारियों पर भू-माफियाओं के साथ मिलकर फर्जी केवाला (रजिस्ट्री दस्तावेज) के आधार पर करोड़ों की जमीन का म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) करने का गंभीर आरोप है।