Bihar Top News Today 15 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 15 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

शराब माफिया ने सिपाही के सिर मे मारी गोली

नालंदा। जिले में शराब तस्करों ने खाकी को चुनौती देते हुए पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस खौफनाक वारदात में एक युवा सिपाही की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को एक गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की एक बड़ी खेप गाड़ी में भरकर नालंदा लाई जा रही है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पटना ईआईबी टीम, राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय पुलिस ने मिलकर तस्करों की घेराबंदी शुरू कर दी। झारखंड की ओर से आ रही शराब लदी पिकअप वैन जैसे ही नवादा जिले के खराट मोड़ से आगे बढ़ी, पुलिस टीमों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकानों पर रेड

पटना। ​बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है, जिसके तहत पटना, छपरा, कटिहार और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित परिसरों को खंगाला जा रहा है। जांच एजेंसी को शुरुआती कार्रवाई के दौरान नकदी और कई अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं।

रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर की हत्या

आरा। नवादा थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने कस्टम विभाग के 67 वर्षीय रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर राम कुमार सिंह को गोलियों से भून दिया। बदमाशों ने उन्हें एक के बाद एक 8 गोलियां मारीं। वह बिहार क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष भी थे। ​राम कुमार सिंह रोज की तरह गुरुवार सुबह अपने बेटे के साथ टहलने जाने की तैयारी कर रहे थे। जब वे अपने गैरेज का गेट बंद कर रहे थे, तभी तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। उस वक्त उनका बेटा कार के अंदर बैठा हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। राम कुमार सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेटी के शव को दफनाकर ऊपर आम का पौधा लगाया

मुजफ्फरपुर। एक मां ने अपनी बेटी की लाश को चुपचाप दफना दिया और शक मिटाने के लिए उसके ऊपर आम का पौधा लगा दिया। करीब डेढ़ महीने बाद जब पुलिस ने इस राज से पर्दा उठाया, तो खुदाई के बाद शव प्लास्टिक में लिपटा हुआ बरामद हुआ। पुलिस ने मृतका की मां समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला मुजफ्फरपुर के जजुआर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव का है।

बिहार में फीमेल डॉग के साथ दुष्कर्म

Bhojpur Dog Rape Case: बिहार के भोजपुर जिले से समाज और मानवाता दोनों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां 45 साल के एक युवक द्वारा फीमेल डॉग के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पूरी घटना बिछिआंव गांव की बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पशु अधिकार संगठन पेटा इंडिया ने भी हस्तक्षेप किया, जिसके बाद स्थानीय युवक मुकेश की शिकायत और उसके द्वारा सबूत के तौर पर दिए गए वीडियो साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संदेश थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क हादसे में रिटायर्ड होमगार्ड जवान की मौत

सुपौल। जिले में एक भीषण सड़क हादसे में होमगार्ड के सेवानिवृत्त जवान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान ब्रह्मदेव ठाकुर के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम का माहौल है। ​जानकारी के अनुसार, ब्रह्मदेव ठाकुर अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर सुखासन स्थित अपनी बेटी के घर गए थे। वहां से दोनों वापस सुपौल स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुम्हैत पुल के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी दोनों सड़क पर काफी दूर जा गिरे और खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

राजद सांसद को आईपीएस अधिकारी का लीगल नोटिस

पटना। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने बिहार के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी कुंदन कृष्णन द्वारा भेजे गए 5 करोड़ के मानहानि नोटिस और आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी कानूनी धमकी, पद या सत्ता के दबाव में झुकने वाले नहीं हैं। सांसद ने कहा कि जनता ने उन्हें अधिकारों और न्याय की रक्षा के लिए संसद भेजा है, इसलिए वे जनहित के मुद्दों पर चुप नहीं बैठेंगे। ​सुधाकर सिंह ने भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में भारत भूषण तिवारी की संदिग्ध मृत्यु का मुद्दा उठाते हुए इसे महज़ ‘पुलिस ऑपरेशन’ बताए जाने को शर्मनाक करार दिया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी कार्रवाई बिना शीर्ष पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के संभव नहीं है। अक्सर विवादों में निचले स्तर के पुलिसकर्मियों को बलि का बकरा बना दिया जाता है, जबकि निर्णय लेने वाले आला अधिकारियों को जांच से बाहर रखा जाता है।

14 सूत्री मांगों को लेकर सड़क पर उतरे पंचायत प्रतिनिधि

पटना। 14 सूत्री लंबित मांगों को लेकर पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश के खिलाफ पंचायत प्रतिनिधियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। अधिकारों की अनदेखी से नाराज प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर मंत्री का घेराव किया और सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों का साफ कहना है कि सरकार और विभाग लगातार उनके अधिकारों का हनन कर रहे हैं। मंत्री उनकी वाजिब समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बजाय टालमटोल कर रहे हैं, जिससे ग्रामीण व्यवस्था चरमरा गई है।

जागरण के दौरान विवाद में गोली लगने से दो युवक घायल

मुंगेर। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित शंकरपुर दुर्गा स्थान में एक धार्मिक जागरण के दौरान कार्यक्रम देखने के दौरान हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद हुई गोलीबारी और मारपीट में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ​मिली जानकारी के अनुसार, शंकरपुर दुर्गा स्थान में जागरण का आयोजन किया गया था। ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक, रात में चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान वहां पहुंचे कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प और मारपीट होने लगी। इस अचानक हुई हिंसा से वहां भगदड़ मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

गर्दनीबाग में बेल्ट्रॉन अभ्यर्थियों का हल्लाबोल

पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर बेल्ट्रॉन के अभ्यर्थियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। अंग्रेजी टाइपिंग में क्वालिफाई उम्मीदवारों ने अपनी अनदेखी से नाराज होकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अभ्यर्थियों ने विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सरकार को 29 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया है। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने एक कचौड़ी, दो समोसा, नीतीश मिश्रा का क्या भरोसा जैसे तीखे नारे लगाए और चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर वे स्कोर कार्ड पर भुट्टा भूनकर मंत्री को सौंप देंगे।