सिद्धार्थ शरद, वैशाली। जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र स्थित माइल गांव के एक कोल्ड स्टोरेज में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। कोल्ड स्टोरेज परिसर में झरने के पास युवक को अचेत पड़ा देख कर्मचारियों ने पास जाकर जांच की, तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना बिदुपुर थाना पुलिस को दी।
हाथ पर गुदे टैटू के नंबर से हुई मृतक की पहचान
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान माइल पकड़ी गांव के निवासी दीपक राम के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, दीपक मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और पहले भी कई बार बिना बताए घर से लापता हो चुके थे। उन्हें भटकने से बचाने और सुरक्षित घर वापस लाने के लिए परिजनों ने उनके हाथ पर एक टैटू बनवाया था, जिस पर संपर्क नंबर लिखा हुआ था। पूर्व में भी पुलिस ने इसी तरह परिजनों से संपर्क कर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाया था।
FSL की टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने FSL की विशेष टीम को भी मौके पर बुलाया। FSL की टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और मृत्यु के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शव को सदर अस्पताल, हाजीपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौत की वजह पर सस्पेंस, जांच में जुटी पुलिस
युवक की मौत ठंड की वजह से हुई, दम घुटने से या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है, यह अभी पूरी तरह अस्पष्ट है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

