कुंदन कुमार, पटना। बिहार में कुशल युवा प्रोग्राम (KYP) के 1,731 केंद्रों पर ताला लटकने से छात्रों का प्रशिक्षण प्रभावित हो रहा है। केंद्रों के बंद रहने के विरोध में आज सोमवार (12, अक्टूबर) को हजारों की संख्या में छात्र और केंद्र संचालक पटना स्थित नियोजन भवन के बाहर जुटे और जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया।

बंद पड़े केंद्रों को दोबारा शुरू करने की मांग

प्रदर्शन कर रहे केंद्र सचालकों का कहना है कि कुशल युवा प्रोग्राम का केंद्र बंद करकर सरकार ने बहुत बड़ी गलती की है। इन केंद्रों (कुशल युवा प्रोग्राम) पर पिछड़ा, अति पिछड़ा वर्ग के बच्चे, दलित के बच्चे, गरीब बच्चे कई तरह के प्रशिक्षण लेते हैं और कौशल प्राप्त करते हैं। ऐसे केंद्र को बंद करना कहीं से भी उचित नहीं है। इसीलिए हम लोग चाहते हैं कि जल्द से जल्द बिहार सरकार कौशल युवा प्रोग्राम के लिए जो केंद्र बनाए गए हैं, उसे दोबारा फिर से शुरू किया जाए।

बड़े आंदोलन की चेतावनी

बता दें कि बिहार में 1,731 कुशल युवा प्रोग्राम केंद्र संचालित हो रहे थे, जिन्हें फिलहाल बिहार सरकार ने बंद कर दिया है। ऐसे में उन केंद्रों को फिर से चालू करने की मांग को लेकर ही राजधानी के सड़कों पर सभी केंद्र संचालक व छात्र आज प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतरे हैं। केंद्र संचालकों ने अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि जानबूझकर अधिकारी इस तरह के केंद्र को बंद कर रहे हैं। जल्द से जल्द केंद्रों के दोबारा शुरू नहीं होने पर केंद्र संचालकों ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय: पंचायत सरकार भवन निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, जांच करने पहुंचीं अधिकारी पर बदसलूकी