पटना। बिहार विधान परिषद (एमएलसी) की 8 सीटों पर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव मैदान में कुल 150 उम्मीदवार बचे हैं, जो जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों के लिए 90 उम्मीदवार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों के लिए 60 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। वोटिंग बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराई जाएगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी।
14 उम्मीदवारों के हटने से तस्वीर साफ
इससे पहले चुनाव के लिए कुल 164 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान 12 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द हो गया। इसके बाद शुक्रवार को नाम वापसी के अंतिम दिन दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए। इनमें सारण शिक्षक क्षेत्र से जयराम राय और पटना शिक्षक क्षेत्र से अर्चिता प्रकाश शामिल हैं। दो नाम वापसी के बाद अब अंतिम रूप से 150 प्रत्याशी ही चुनावी मैदान में शेष रह गए हैं।
5.32 लाख मतदाता चुनेंगे अपने प्रतिनिधि
इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता 150 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरे राज्य में 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आंकड़े इस प्रकार हैं:
- स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: 90 उम्मीदवारों के लिए कुल 4,92,594 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनके लिए 598 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
- शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: 60 उम्मीदवारों के लिए 40,253 शिक्षक मतदाता वोट डालेंगे। इनके लिए 335 पोलिंग बूथ तय किए गए हैं।
मतदान की तारीख नजदीक आते ही सभी प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद जीत का सेहरा किसके सिर सजता है।

